Site icon Dainik Savera Times

स्पाइडरमैन स्टाइल में बिल्डिंग से उतरा शख्स, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, देखें…

Spider-Man Style Viral Video : सोशल मीडिया की दुनिया में रोजाना हजारों वीडियो अपलोड होते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो अपनी अनोखी और हैरान कर देने वाली हरकतों से वायरल हो जाते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप हैरान भी होंगे और घबराहट भी महसूस करेंगे।

इस वायरल वीडियो में एक शख्स ने जो किया है, वो किसी फिल्मी स्टंट से कम नहीं लगता। आमतौर पर लोग ऊंची इमारतों से नीचे उतरने के लिए सीढ़ियों या लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह शख्स कुछ अलग ही अंदाज में नजर आया।

बिना लिफ्ट और सीढ़ी के बालकनी से उतरा युवक

वीडियो में दिखता है कि एक युवक उंची बिल्डिंग की बालकनी से लटकते हुए नीचे की ओर उतर रहा है। वह पहले अपनी बालकनी से नीचे झुककर उसे छोड़ता है, फिर नीचे की बालकनी के किनारे को पकड़ता है और उसमें लटक जाता है। ऐसा करते हुए वह एक-एक कर हर फ्लोर की बालकनी पर कूदता और लटकता नजर आता है।

ये पूरा दृश्य देखने में जितना रोमांचक लगता है, उतना ही जोखिम भरा और खतरनाक भी है। अगर युवक का जरा भी संतुलन बिगड़ जाता, तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। यही कारण है कि वीडियो के अंत में यह भी कहा गया है कि इस तरह का स्टंट करने की कोशिश कोई न करे।

इंस्टाग्राम पर वायरल, कैप्शन में लिखा – “स्पाइडर मैन के चाचा का लड़का”

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘@theindiancasm’ नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो पर कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा गया है – “स्पाइडर मैन के चाचा का लड़का।”

बता दें कि अभी तक इस वीडियो को 2 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं, और कई यूजर्स ने हंसी वाले इमोजी और मजेदार कमेंट्स के जरिए प्रतिक्रिया दी है। हालांकि वीडियो कहां का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया

जहां कुछ यूजर्स इस स्टंट को रोमांचक और मजेदार मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे बेवकूफी और जानलेवा हरकत बता रहे हैं। कई लोगों ने इस तरह की हरकतों पर चिंता जताते हुए कहा है कि युवाओं को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी जान खतरे में नहीं डालनी चाहिए।

नोट: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। दैनिक सवेरा टाइम्स किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

Exit mobile version