Site icon Dainik Savera Times

अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार संग जाएंगे अयोध्या, रामलला के दर्शन कर हनुमानगढ़ी में टेकेंगे मत्था

Akhilesh Yadav Ayodhya Ram Mandir

Akhilesh Yadav Ayodhya Ram Mandir

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे और हनुमानगढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे। सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी दी है।

पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी और सांसद डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या पहुंचेंगे। उनका यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा। अखिलेश यादव अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे और कई धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

रामलला के दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी जाएंगे अखिलेश

पवन पांडे ने बताया कि अयोध्या पहुंचने के बाद अखिलेश यादव सबसे पहले राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे और हनुमान जी के सामने मत्था टेकेंगे। इस दौरान वह अयोध्या के साधु-संतों, महंतों और धार्मिक गुरुओं से भी मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि वह अलग-अलग मठों में जाकर संतों का आशीर्वाद ले सकते हैं। उनके साथ बैठकर प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।

मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय की करेंगे प्रार्थना

पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी देते हुए राम मंदिर में हुई चोरी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव रामलला और हनुमान जी से प्रार्थना करेंगे। साथ ही मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ न्याय मिलने की कामना भी करेंगे।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली बार रामलला के दर्शन करेंगे सपा प्रमुख

अखिलेश यादव का यह अयोध्या दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वह पहली बार राम मंदिर जाकर दर्शन करेंगे। इससे पहले भाजपा के नेता कई बार रामलला के दर्शन नहीं करने को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साध चुके हैं।

ऐसे में उनका परिवार के साथ अयोध्या जाना राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन सकता है। हालांकि, सपा की ओर से इस दौरे को पूरी तरह धार्मिक बताया गया है। अब 12 दिसंबर को अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ रामलला के दर्शन करेंगे और अयोध्या के साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे।

Exit mobile version