Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में बड़ा हादसा: 180 लोगों से भरी क्रूज बोट टैंकर की टक्कर से पलटी, नदी में गिरे यात्री (Video)

America Cruise boat carrying 180 people capsizes colliding tanker

America Cruise boat carrying 180 people capsizes colliding tanker

अमेरिका। अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक टैंकर ने डॉक पर खड़ी यात्रियों से भरी क्रूज बोट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूज बोट में पानी भरने लगा और कुछ ही देर में वह पलट गई। हादसे के दौरान कई यात्री नदी में गिर गए। हालांकि, राहत और बचाव दल की तेजी से की गई कार्रवाई के चलते जहाज पर सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

इस घटना को न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने ‘मिरेकल ऑन मिसिसिपी’ यानी ‘मिसिसिपी का चमत्कार’ बताया। हादसे में 32 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई गई।

टैंकर ने डॉक पर खड़ी क्रूज बोट को मारी टक्कर

न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब ‘अटलांटिक एस्फाल्ट’ नाम का एक बड़ा टैंकर न्यू ऑरलियन्स बंदरगाह के पास पहुंचा। इसी दौरान टैंकर ने डॉक पर खड़ी ‘अमेरिकन हेरिटेज’ क्रूज बोट को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टैंकर का स्टीयरिंग फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के वीडियो में देखा जा सकता है कि टैंकर तेजी से क्रूज बोट की तरफ बढ़ता है और उससे टकरा जाता है। टक्कर के बाद क्रूज बोट के कुछ हिस्से टूटकर बिखर गए। जहाज में पानी भरने लगा और वह एक तरफ झुकने लगा। कुछ ही मिनटों में जहाज पलट गया और उसमें सवार कई लोग नदी में गिर गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद टगबोट ऑपरेटर, बंदरगाह कर्मचारी, पुलिसकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर यात्रियों को बचाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान कम से कम दो पुलिस अधिकारी भी नदी में गिर गए। नदी के पानी का तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस था। बचावकर्मियों ने आसपास मौजूद दूसरे जहाजों की मदद से लोगों को बाहर निकाला।

 

मेयर बोलीं- एक भी व्यक्ति लापता नहीं, यह चमत्कार है

न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि जहाज पर मौजूद सभी 180 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों का पता लगा लिया गया है। कोई भी व्यक्ति लापता नहीं है। उन्होंने इस घटना को ‘मिसिसिपी का चमत्कार’ बताते हुए कहा कि इतने बड़े हादसे के बावजूद सभी लोगों का सुरक्षित मिलना राहत की बात है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद 32 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, किसी की हालत गंभीर नहीं थी।

मेयर ने बताया कि हादसे में कई यात्रियों के मोबाइल फोन, पहचान पत्र और गाड़ियों की चाबियां नदी में खो गईं। इनमें से ज्यादातर यात्री दूसरे शहरों से आए थे। कई लोगों के पास अपने परिवार को सुरक्षित होने की जानकारी देने के लिए फोन तक नहीं बचा था। ऐसे में स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए भोजन, होटल और आने-जाने की व्यवस्था शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- हर तरफ मची थी अफरा-तफरी

न्यू ऑरलियन्स पोर्ट पर काम करने वाले प्रत्यक्षदर्शी डेवोन फ्लैनगन ने बताया कि उन्होंने क्रूज बोट को एक तरफ झुकते हुए देखा। उस समय कई यात्री नदी में गिर चुके थे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद आसपास मौजूद दूसरे जहाज और कंपनियां भी बचाव कार्य में जुट गई थीं। हालांकि, पानी में कई लोग मौजूद थे, इसलिए बचाव अभियान काफी मुश्किल हो गया था। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।

NTSB ने शुरू की हादसे की जांच

अमेरिका के राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने इस दुर्घटना की जांच शुरू करने की घोषणा की है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आखिर टैंकर क्रूज बोट से कैसे टकराया और क्या वास्तव में स्टीयरिंग फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, जांच टीम को न्यू ऑरलियन्स पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उस समय अमेरिका में विमान सेवाएं संचार संबंधी संकट के कारण प्रभावित थीं।

आठ दिन की यात्रा पूरी कर न्यू ऑरलियन्स पहुंची थी क्रूज बोट

जिस क्रूज बोट के साथ यह हादसा हुआ, उसका नाम ‘अमेरिकन हेरिटेज’ है। इसका निर्माण साल 2015 में हुआ था और इसे अमेरिकन क्रूज लाइन्स कंपनी संचालित करती है। पांच मंजिला इस जहाज में करीब 150 यात्रियों को ले जाने की क्षमता है। यह क्रूज बोट मिसिसिपी नदी के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की आठ दिन की यात्रा पूरी करके न्यू ऑरलियन्स पहुंची थी। हादसा उस समय हुआ जब कई यात्री जहाज से उतरने की तैयारी कर रहे थे।

दूसरी तरफ, टक्कर मारने वाला ‘अटलांटिक एस्फाल्ट’ टैंकर करीब 520 फीट लंबा है और मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत संचालित होता है। यह टैंकर सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले एस्फाल्ट और बिटुमेन जैसे पदार्थों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाता है। समुद्री रिकॉर्ड के मुताबिक, टैंकर का स्वामित्व लाइबेरिया में पंजीकृत कंपनी नेव शिपिंग एसए के पास है। समुद्री ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार, यह कंपनी चीन स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन समूह से जुड़ी हुई है।

Exit mobile version