Site icon Dainik Savera Times

महुआ मोइत्रा का विवादित बयान, कहा- अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए

नेशनल डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर एक विवादित बयान दिया है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में पत्रकारों ने उनसे राज्य में अवैध घुसपैठ को लेकर सवाल किया। इस सवाल के जवाब में महुआ ने अमित शाह और केंद्र सरकार पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।

महुआ मोइत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से कहा था कि देश में घुसपैठ हो रही है और इसकी वजह से देश की जनसंख्या में बदलाव हो रहा है। जब प्रधानमंत्री ये बात कह रहे थे, तब अमित शाह, जो गृह मंत्री हैं, उनकी बात सुनकर नाखुश हो रहे थे और तालियां बजा रहे थे।

अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए

महुआ ने कहा, “अगर भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाला गृह मंत्रालय और गृह मंत्री ही नहीं कर पा रहे हैं, और दूसरे देश के लोग रोजाना बड़ी संख्या में घुसपैठ कर रहे हैं, तो अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए। अगर देश की सुरक्षा नहीं हो पा रही, तो इसकी जिम्मेदारी गृह मंत्री की है।” महुआ ने यह भी कहा कि बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) देश की सीमा की सुरक्षा करता है, लेकिन पिछले कई सालों में सीमा की स्थिति बिगड़ गई है, जो केंद्र सरकार की नाकामी है।

बीजेपी ने दर्ज कराई शिकायत

महुआ मोइत्रा के इस बयान के बाद बीजेपी ने नदिया जिले के कृष्णानगर थाने में उनकी खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने की है। अभी तक महुआ मोइत्रा की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है।

Exit mobile version