Site icon Dainik Savera Times

अमित शाह का बड़ा बयान: 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होगा भारत, केरल में भाजपा का भविष्य उज्जवल

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल में भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत 31 मार्च, 2026 तक नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के मजबूत रुख का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “आतंकवाद का जवाब केवल पीएम मोदी और भाजपा ही दे सकते हैं। हमने उरी हमले का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक से दिया, पुलवामा हमले का जवाब एयर स्ट्राइक से दिया और ऑपरेशन सिंदूर से घर में घुसकर मारा।”

राजनीतिक दलों पर भी साधा निशाना 

अमित शाह ने केरल के राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “एलडीएफ (लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट) और यूडीएफ (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) दोनों के ट्रैक रिकॉर्ड में भ्रष्ट सरकारों का इतिहास रहा है। एलडीएफ के समय में कई घोटाले हुए, जैसे विस्फोटक घोटाला, सहकारी बैंक घोटाला, एआई कैमरा घोटाला, लाइफ मिशन घोटाला और राज्य प्रायोजित सोना तस्करी घोटाला। ये सभी घोटाले उनके शासन के दौरान हुए।”

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने भाजपा और माकपा के बीच के अंतर को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “भाजपा और माकपा दोनों कैडर-आधारित पार्टियां हैं, लेकिन इनके बीच एक बड़ा अंतर है। केरल में माकपा के लिए कैडर कल्याण राज्य के विकास से ऊपर है, जबकि भाजपा के लिए कैडर से ऊपर राज्य का विकास है।”

पीएम मोदी की तीन मुख्य नीतियों का उल्लेख किया 

अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन मुख्य नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा, “केरल के विकास के लिए मोदी जी के तीन दृष्टिकोण हैं: भ्रष्टाचार रहित शासन, सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार का भेदभाव न होना, और राजनीतिक लाभ से परे केरल का विकास।”

 

अंत में, अमित शाह ने भाजपा के बढ़ते प्रभाव पर जोर देते हुए कहा, “भा.ज.पा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को एक बड़े सार्वजनिक सम्मेलन की तरह सफलतापूर्वक आयोजित किया, और यह केरल में भाजपा के भविष्य का प्रतीक है।” इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तिरुवनंतपुरम में भाजपा की केरल इकाई के मुख्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केरल भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर भी मौजूद रहे।

Exit mobile version