Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

3 महीने भी नहीं हुए और बर्बाद करना शुरू… स्टूडेंट विंग ASAP लॉन्च करने के दौरान बोले केजरीवाल

May 20, 2025

3 महीने भी नहीं हुए और बर्बाद करना शुरू… स्टूडेंट विंग ASAP लॉन्च करने के दौरान बोले केजरीवाल

नेशनल डेस्क : आज आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी छात्र इकाई लॉन्च की, जिसका नाम रखा गया है ASAP यानी Association of Students for Alternative Politics। इस मौके पर पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस नए संगठन की घोषणा करते हुए छात्रों को राजनीति में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। लॉन्चिंग कार्यक्रम में देशभर के कई विश्वविद्यालयों से छात्र शामिल हुए, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी, आईपी यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र भी मौजूद थे। आइए जानते हैै इस खबर को विस्तार से…

राजनीति ही हमारी समस्याओं की जड़ है

दरअसल, केजरीवाल ने अपने भाषण में कहा कि देश में आज भी बहुत सी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं, जैसे– बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी आम आदमी को अपनी मूल जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर देश की परंपरागत राजनीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बीजेपी और दूसरे बड़े दलों की राजनीति ने आम आदमी को कभी प्राथमिकता नहीं दी। राजनीति का असर हमारी ज़िंदगी के हर हिस्से पर पड़ता है, लेकिन लोगों को इससे दूर ही रखा गया।

‘AAP के वक्त 24 घंटे बिजली थी, अब हो रही कटौती

दिल्ली में हो रही बिजली कटौती पर भी अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में 10 साल तक सरकार चलाई, तब लोगों को 24 घंटे लगातार बिजली मिलती थी। लेकिन अब जब दिल्ली में उपराज्यपाल के ज़रिए बीजेपी का शासन चल रहा है, तो लगातार बिजली कटने की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आज फिर से दिल्ली की जनता परेशान है, और यह दिखाता है कि सत्ता में आने के बाद बीजेपी ने व्यवस्था को संभालने के बजाय उसे बिगाड़ दिया है।

भाजपा ने स्कूलों की व्यवस्था बिगाड़नी शुरू कर दी

केजरीवाल ने आगे कहा कि AAP की सरकार ने दिल्ली में सरकारी स्कूलों की हालत को बेहतर बनाने का काम किया था। लेकिन अब भाजपा सरकार ने कुछ ही महीनों में इस व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार को लोगों की अच्छी शिक्षा या स्वास्थ्य सेवा से कोई मतलब नहीं है, क्योंकि उनका मकसद सिर्फ सत्ता पाना है, सेवा करना नहीं।

ASAP के जरिए युवाओं को राजनीति में लाने की कोशिश

ASAP की स्थापना का उद्देश्य सिर्फ एक छात्र संगठन बनाना नहीं है, बल्कि इसके जरिए AAP यह चाहती है कि देश के छात्र राजनीति को समझें, उसमें हिस्सा लें और उसे साफ-सुथरा और जवाबदेह बनाएं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजनीति सिर्फ नेताओं की चीज नहीं है, बल्कि यह हर आम नागरिक की ज़िम्मेदारी है। खासकर युवाओं की, क्योंकि उनके फैसले ही देश के भविष्य को तय करेंगे। उन्होंने कहा कि ASAP एक ऐसा मंच बनेगा जहां छात्र वैकल्पिक राजनीति की दिशा में काम कर सकें।

ASAP की लॉन्चिंग के साथ आम आदमी पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि वह अब युवा वर्ग को संगठित कर देश की राजनीति में एक नई सोच लाना चाहती है। अरविंद केजरीवाल का यह कदम मौजूदा सत्ता व्यवस्था पर सवाल उठाने के साथ-साथ युवाओं को राजनीति का हिस्सा बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि छात्र अब सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि देश की दिशा और दशा बदलने में भी भागीदारी निभाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें