Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

अरविंद केजरीवाल का राहुल गांधी पर जोरदार हमला, कहा- कांग्रेस में सब शादी के घोड़े

July 23, 2025

अरविंद केजरीवाल का राहुल गांधी पर जोरदार हमला, कहा- कांग्रेस में सब शादी के घोड़े

नेशनल डेस्क: गुजरात के मोडासा में एक बड़ी किसान और पशुपालक महापंचायत को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दोनों पर जमकर हमला बोला।उन्होंने हाल ही में हुए डेयरी किसानों के आंदोलन पर राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार उनकी आवाज को दबाने का काम कर रही है।

राहुल गांधी पर कसा तंज

केजरीवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक पुराने बयान को लेकर उन पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने कहा था कि कुछ लोग रेस के घोड़े होते हैं और कुछ शादी के घोड़े। मैं कहता हूं कि कांग्रेस में तो सब शादी के घोड़े हैं, और आम आदमी पार्टी के लोग लंबी रेस के घोड़े हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में असल में बीजेपी की नहीं, बल्कि बीजेपी और कांग्रेस की मिलीजुली सरकार है।

किसान आंदोलन और मुआवजे की मांग

केजरीवाल ने 14 जुलाई को हुए डेयरी किसानों के आंदोलन का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब किसानों ने अपने हक की मांग की तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले चलाए। इस आंदोलन के दौरान अशोक चौधरी नाम के एक किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। केजरीवाल ने सरकार से मांग की कि अशोक चौधरी के परिवार को 1 करोड़ रुपये गुजरात सरकार और 1 करोड़ रुपये डेयरी विभाग की ओर से मुआवजे के रूप में दिए जाएं।

 

यह अमीरों की सरकार 

केजरीवाल ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए कहा, “यह अमीरों की सरकार है, अडानी की सरकार है। हर ठेका अडानी को मिलता है। ये सरकार गरीबों की नहीं है। आम आदमी पार्टी किसानों, मजदूरों और गरीबों के हक में खड़ी है।”

भ्रष्टाचार और डेयरी समितियों पर आरोप

उन्होंने कहा कि गुजरात की सहकारी डेयरियों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। खासकर उत्तरी गुजरात में पशुपालकों और किसानों के हक का पैसा दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “खेड़ूत भाई हर साल जून में जो नफा (मुनाफा) पाते हैं, वह इस बार नहीं मिला। गरीबों का पैसा लूटा जा रहा है और नेता अपनी ऐश की जिंदगी जी रहे हैं, महल बनवा रहे हैं और जहाज खरीद रहे हैं।”

केजरीवाल के दौरे का उद्देश्य

अरविंद केजरीवाल दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं और इस दौरान वह पार्टी की जड़ें मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा, वे आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में भी एक रैली करने वाले हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें