Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अस्पताल और महाकुंभ में महिलाओं की प्राइवेसी पर हमला, Video लीक कर बेचे जा रहे है अश्लील कंटेंट….

February 20, 2025

अस्पताल और महाकुंभ में महिलाओं की प्राइवेसी पर हमला, Video लीक कर बेचे जा रहे है अश्लील कंटेंट….

नेशनल डेस्क : आजकल इंटरनेट पर शर्मनाक हरकतें बढ़ती जा रही हैं। अस्पतालों में बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं से लेकर महाकुंभ में कपड़े बदलती महिलाओं के वीडियो तक ऑनलाइन लीक किए जा रहे हैं। ये वीडियो बेचे भी जा रहे हैं, जिसके लिए एक तय कीमत वसूली जा रही है। आज कुछ इसी तरह का एक मामला गुजरात से सामने आया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

सरकारी अस्पताल से शर्मनाक हरकत

आपको बता दें कि गुजरात के राजकोट के एक सरकारी अस्पताल से मैटरनिटी वार्ड में डिलीवरी के लिए आई महिलाओं के वीडियो लीक कर टेलीग्राम और यूट्यूब पर अपलोड कर दिए गए। जैसे ही यह मामला सामने आया, अहमदाबाद और राजकोट की साइबर क्राइम ब्रांच इसकी जांच में जुट गई। वहीं इस पूरे मामले पर अस्पताल के निदेशक ने सफाई देते हुए कहा कि किसी ने सीसीटीवी कैमरों को हैक कर यह वीडियो लीक किए होंगे। फिलहाल, असली सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

टेलीग्राम पर बना रखा था ग्रुप

दरअसल, वीडियो लीक करने वाले आरोपियों ने टेलीग्राम पर एक ग्रुप बनाया था, जो एक यूट्यूब चैनल से जुड़ा था। इस चैनल पर महिलाओं के इंजेक्शन लगाने, उनके अल्ट्रासाउंड करने और डिलीवरी के दौरान के वीडियो अपलोड किए गए। अब तक 7 वीडियो अपलोड किए गए हैं। इन वीडियो के पैकेज पहले से तय थे और इन्हें सीसीटीवी फुटेज से लीक किया गया था।

महाकुंभ, ब्यूटी पार्लर के वीडियो भी लीक

टेलीग्राम पर अश्ली   ल वीडियो के अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। इनमें महाकुंभ में महिलाओं के कपड़े बदलने के वीडियो का एक अलग सेक्शन है। ब्यूटी पार्लर के वीडियो भी बेचे जा रहे हैं। वहीं सब्सक्रिप्शन के लिए ऑफर दिए जा रहे हैं और लोग इन वीडियो को देखने के लिए पैसे भी दे रहे हैं।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

जैसे ही यह मामला सामने आया, इंटरनेट पर बवाल मच गया। पुलिस ने इस मामले में आईटी एक्ट की धारा 66E और 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। राजकोट की एसीपी हार्दिक मकड़िया ने कहा कि यह महिलाओं की प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया से हटाए जा रहे हैं वीडियो

बता दें कि इस शर्मनाक घटना से हर कोई हैरान और गुस्से में है।यूट्यूब और टेलीग्राम से वीडियो हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है। इन वीडियो को यूट्यूब पर छोटे-छोटे क्लिप के रूप में अपलोड किया गया था, और फुल वीडियो के लिए टेलीग्राम लिंक दिए गए थे।

विधायक ने की सख्त कार्रवाई की मांग

इस मामले में भाजपा विधायक डॉ. दर्शिता शाह ने कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस लीक वीडियो को लेकर पायल अस्पताल का नाम सामने आया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि वीडियो कहां से लीक हुए। अधिकारियों का दावा है कि शायद किसी ने उनके सीसीटीवी फुटेज को हैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग देंगे।

यह घटना दिखाती है कि इंटरनेट पर प्राइवेसी का हनन कितना बड़ा खतरा बन चुका है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही दोषियों को पकड़ने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें