Site icon Dainik Savera Times

Qantas Airways का बड़ा फैसला, 850 कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, भारत में शिफ्ट होगा काम

australian-airline-qantas-preparing-lay-off-850-jobs

australian-airline-qantas-preparing-lay-off-850-jobs

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलियाई एयरलाइन क्वांटास एयरवेज ने कंसल्टिंग फर्म एक्सेंचर के साथ एक नई टेक्नोलॉजी साझेदारी के तहत लगभग 850 नौकरियों में कटौती करने और कई बैक-ऑफिस कार्यों को आउटसोर्स करने की योजना बनाई है। इनमें से ज्यादातर नौकरियों को भारत में स्थानांतरित किए जाने की उम्मीद है। यह जानकारी रिपोर्ट्स में दी गई।

2027 के मध्य से शुरू होने वाला यह पुनर्गठन फाइनेंस, प्रोक्योरमेंट, ह्यूमन रिसोर्स और मार्केटिंग विभागों के कर्मचारियों को प्रभावित करेगा। इसके तहत एयरलाइन अपने पुराने सिस्टम को आधुनिक बनाना चाहती है और अपने कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ाना चाहती है। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब एयरोस्पेस निर्माता और एयरलाइंस अपनी कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए अपने कामकाज के तरीकों में बदलाव कर रहे हैं।

बोइंग ने सोमवार को कहा कि वह अपने कमर्शियल विमान उत्पादन को बढ़ाने की योजना को धीमा कर रहा है। इसके चलते, कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की कटौती करेगी। बोइंग ने बताया कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि कारखानों और सप्लायर्स को उत्पादन को स्थिर करने के लिए अधिक समय मिल सके।

इसके अलावा, क्वांटास ने बताया कि उसने अपने बैक-एंड सिस्टम, बिजनेस प्रोसेस और डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए एक्सेंचर के साथ एक बहु-वर्षीय समझौता किया है। यह उनके व्यापक टेक्नोलॉजी ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम का हिस्सा है। कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वैनेसा हडसन ने कहा कि एयरलाइन हर साल टेक्नोलॉजी पर 1 अरब ऑस्ट्रेलियन डॉलर से अधिक खर्च करती है, लेकिन फिर भी वह दशकों पहले बने 1,000 से अधिक पुराने एप्लिकेशन पर निर्भर है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, हडसन ने कहा, “ये सिस्टम एक साथ काम करने के लिए नहीं बनाए गए थे, और अब इनका रखरखाव करना बहुत जटिल हो गया है।” माना जा रहा है कि प्रभावित होने वाले ज्यादातर पदों का काम भारत में एक्सेंचर की टीमों को सौंप दिया जाएगा, जबकि कुछ काम ऑस्ट्रेलिया में ही होते रहेंगे।

क्वांटास ने कहा कि इन बदलावों को लागू करने से पहले वह अपने कर्मचारियों और यूनियनों से बातचीत करेगी। साथ ही, कंपनी कोशिश करेगी कि प्रभावित कर्मचारियों को कहीं और काम पर रखा जा सके। कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल में हडसन ने कहा, “कुछ लोगों के लिए यह एक मुश्किल खबर है, और इससे पैदा हुई अनिश्चितता के लिए मुझे खेद है।”

एयरलाइन ने बताया कि एक्सेंचर द्वारा संभाले जाने वाले कामों में धीरे-धीरे ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए बदलाव लाए जाएंगे। इसका मकसद काम के दोहराव को कम करना और पूरे कॉर्पोरेट कामकाज में कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है।हडसन ने कहा कि तकनीकी बदलाव और एआई को अपनाने की गति अभूतपूर्व है और प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए क्वांटास को भी खुद को उसी के अनुसार ढालना होगा।

Exit mobile version