नेशनल डेस्क: अवैध धर्मांतरण के मामले में अब छांगुर बाबा पर एटीएस और ईडी ने शिकंजा कस दिया है। गिरफ्तार आरोपी जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 14 ठिकानों पर रेड की है। बताया जा रहा है कि इनमें से 12 ठिकाने बलरामपुर के उतरौला और 2 लोकेशन मुंबई में हैं। गुरुवार सुबह 5 बजे से तलाशी अभियान शुरू हुआ है। ईडी के साथ एटीएस की टीम भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि उतरौला समेत कई ठिकानों पर टीमों को ताला लटका मिला था।
अधिकारियों ने ताले खुलवाकर जांच करवाई है। आरोपी के दूसरे राज्यों के ठिकानों के बारे में भी जांच हो रही है। ईडी को मनी लॉन्ड्रिंग के अलावा विदेशी फंड की संलिप्तता का भी शक है। वहीं, उतरौला बस स्टैंड पर एक युवक को भी एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। इसके अलावा छांगुर के भतीजे सोहराब को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। सोहराब के ऊपर आजमगढ़ में धर्मांतरण करवाए जाने के आरोप हैं।
Chhangur conversion case | The Enforcement Directorate is conducting searches at 14 premises, including 12 in Utraula, Balrampur, Uttar Pradesh, and two in Mumbai. Search started today at 5 am: Official Sources pic.twitter.com/Zap7S4hONX
— ANI (@ANI) July 17, 2025
गवाह को पीटने का आरोप
पता लगा है कि अवैध धर्मांतरण के मामले में बयान न बदलने पर छांगुर के लोगों ने एक गवाह को भी बुरी तरह से पीटा। पीड़ित की पहचान हरजीत कश्यप के तौर पर हुई है। आरोपियों ने उसे मर्डर की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हरजीत एटीएस का गवाह है, जो रसूलाबाद का रहने वाला है। हरजीत से मारपीट का आरोप रियाज, कमालुद्दीन व नव्वाब के ऊपर लगा है।
तीनों आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि रसूलाबाद पाकिस्तान में पड़ता है। योगी की ये सरकार जब जाएगी तो तुमको सबक सिखाया जाएगा। तुम लोग हमारे साथ बगावत करते हो। हरजीत ने पुलिस को 3 जुलाई को छांगुर के खिलाफ बयान देकर जबरन धर्म परिवर्तन करवाने के आरोप लगाए थे।
बयान बदलने की दी धमकी
हरजीत के अनुसार आरोपियों ने उसे 24 घंटे में बयान बदलने की धमकी दी थी। पुलिस ने धानेपुर के रेतवागाड़ा में भी जांच की है। यहां रमजान नाम के शख्स की भूमिका सामने आई है, जो छांगुर के कार्यक्रमों में ढोलक बजाता था। रमजान के जिम्मे ही छांगुर ने धर्म परिवर्तन का काम लगाया था। हालांकि रमजान की 2024 में मौत हो चुकी है। उससे जुड़े एक और शख्स के बारे में पुलिस को पता लगा है।

