Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

बेंगलुरु भगदड़ हादसा: ‘पीड़ित परिवारों को 25-25 लाख रुपए देंगे’, RCB ने किया मुआवजे का ऐलान

August 30, 2025

बेंगलुरु भगदड़ हादसा: ‘पीड़ित परिवारों को 25-25 लाख रुपए देंगे’, RCB ने किया मुआवजे का ऐलान

नेशनल डेस्क: आईपीएल 2025 के खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से आयोजित जश्न का माहौल अचानक ग़म में बदल गया। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित इस सेलिब्रेशन कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भगदड़ मच गई। इस दुखद हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी।

RCB ने किया मुआवजे का ऐलान

आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करके बताया कि 4 जून 2025 का दिन उनकी टीम और फैंस के लिए बेहद दर्दनाक था, क्योंकि उन्होंने अपने “RCB परिवार” के 11 सदस्यों को खो दिया। टीम ने कहा कि किसी की ज़िंदगी की भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

पहले कदम के रूप में RCB ने 11 मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी है। टीम ने साफ किया कि यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं बल्कि उनके साथ खड़े रहने और लगातार देखभाल का वादा है। इसी के साथ टीम ने ‘RCB Cares’ पहल की भी शुरुआत की है, जिसकी और जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

स्टेडियम को असुरक्षित करार, मैच शिफ्ट

इस हादसे के बाद कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए डी. कुन्हा आयोग का गठन किया था। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित है। रिपोर्ट के बाद फैसला लिया गया कि महिला वर्ल्ड कप 2025 के जो मैच बेंगलुरु में होने थे, उन्हें अब नवी मुंबई के मैदान में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

RCB की पहली खिताबी जीत

आरसीबी का फैन बेस हमेशा से बहुत बड़ा रहा है। टीम साल 2008 से आईपीएल में खेल रही है और विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, क्रिस गेल और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से सजी रही है। लेकिन टीम ने कभी ट्रॉफी नहीं जीती थी। रजत पाटीदार की कप्तानी में पहली बार आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया, जब उन्होंने पंजाब किंग्स को हराया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद जश्न मनाने के लिए बेंगलुरु में स्वागत समारोह रखा गया था, लेकिन इसी दौरान फैंस की भारी भीड़ एक झलक पाने के लिए टूट पड़ी और भगदड़ मच गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें