
खेल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। उसकी जगह स्कॉटलैंड को पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल किया गया है। आईसीसी ने इस फैसले की जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को एक आधिकारिक पत्र के जरिए दे दी है।
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद स्कॉटलैंड को ग्रुप C में रखा गया है। इस ग्रुप में स्कॉटलैंड का मुकाबला इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली जैसी टीमों से होगा। बताया जा रहा है कि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच करीब तीन हफ्तों से तनातनी चल रही थी। बांग्लादेश बोर्ड का कहना था कि वह भारत में वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलेगा और उसके मुकाबले श्रीलंका में कराए जाएं। हालांकि, आईसीसी ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि बांग्लादेश को अपने तय मैच भारत में ही खेलने होंगे।
मामला आईसीसी बोर्ड की वोटिंग तक पहुंच गया। इसमें 14-2 के बहुमत से यह फैसला हुआ कि बांग्लादेश के मैच भारत में ही होंगे। एक स्वतंत्र सुरक्षा रिपोर्ट में भी भारत में मैच कराने को लेकर खतरे का स्तर कम से मध्यम बताया गया था।
इस पूरे विवाद की शुरुआत आईपीएल नीलामी के बाद हुई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद भारत में विरोध हुआ, क्योंकि उस समय बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें सामने आ रही थीं। विवाद बढ़ने पर बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज कर दिया।
इससे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया और उसने वर्ल्ड कप के बहिष्कार की बात कही। इसी टकराव के बाद हालात बिगड़ते चले गए और आखिरकार आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर करने का फैसला कर लिया। इस फैसले के बाद अब स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिल गया है, जबकि बांग्लादेश की टीम विश्व कप से बाहर हो चुकी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...