खेल डेस्क: बांग्लादेश ने बड़ा कदम उठाया है। बांग्लादेश ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL के टेलीकास्ट पर अनिश्चितकाल के लिए बैन लगा दिया है। बीसीसीआई ने हाल में ही IPL फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके बाद केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इससे नाराज होकर बांग्लादेश ने अब IPL के टेलीकास्ट पर बैन लगाने का निर्णय लिया है।
बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 5 जनवरी को सभी टीवी चैनलों को आदेश दिया कि वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का प्रसारण तुरंत बंद करें। मंत्रालय ने यह आदेश एक आधिकारिक पत्र के जरिए दिया।पत्र में कहा गया है कि BCCI ने मुस्तफिजुर रहमान को KKR से बाहर करने की कोई ठोस वजह नहीं बताई, जिससे बांग्लादेश के लोगों को गहरा दुख और गुस्सा हुआ है। इसी कारण सरकार ने अगले आदेश तक IPL से जुड़े सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण पर रोक लगाने का फैसला किया है। इस फैसले से बांग्लादेश के उन लाखों क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा है, जो IPL को बहुत पसंद करते हैं और हर साल इसे देखते हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि KKR ने पिछले महीने अबूधाबी में हुए मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इतने बड़े सौदे के बाद अचानक टीम से बाहर किया जाना विवाद की बड़ी वजह बना।
इससे पहले बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत न जाने का आधिकारिक फैसला किया था। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC को पत्र लिखकर मांग की है कि भारत में होने वाले उसके सभी मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं। शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को लीग स्टेज के पहले तीन मैच कोलकाता में और चौथा मैच मुंबई में खेलना था, लेकिन अब वह भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं है।
भारत और बांग्लादेश के रिश्ते पहले से ही तनाव में हैं। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। पिछले साल अगस्त में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं। इसके बाद से बांग्लादेश में भारत विरोधी प्रदर्शन भी देखने को मिल रहे हैं। इन सभी कारणों से दोनों देशों के बीच क्रिकेट के साथ-साथ राजनीतिक रिश्तों में भी खटास बढ़ती नजर आ रही है।