
इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। युवा नेता उस्मान हादी की हत्या के कुछ ही दिनों बाद अब एक और राजनीतिक नेता पर जानलेवा हमला हुआ है। इस बार नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) से जुड़े जातीय श्रमिक शक्ति संगठन के नेता मोतालेब शिकदार को दिन दहाड़े गोली मार दी गई।
BD News की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना खुलना शहर के सोनाडांगा इलाके में दोपहर के समय हुई। अज्ञात हमलावरों ने मोतालेब शिकदार पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया और खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
NCP की संयुक्त मुख्य आयोजक महमूदा मितु ने भी इस गोलीबारी की पुष्टि की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि मोतालेब शिकदार, जो NCP खुलना डिवीजन के प्रमुख और NCP श्रमिक शक्ति के केंद्रीय आयोजक हैं, को गोली मारी गई है। उन्होंने अस्पताल में घायल शिकदार की एक तस्वीर भी साझा की।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह पुलिस तैनात है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जांच आगे बढ़ने पर और जानकारी दी जाएगी। सयह हमला ऐसे समय में हुआ है जब बांग्लादेश पहले से ही तनावपूर्ण हालात से गुजर रहा है। हाल ही में युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद देश में गुस्सा और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले थे।
12 दिसंबर को ढाका के बिजोयनगर इलाके में रिक्शे में जाते समय उन्हें नज़दीक से गोली मारी गई थी। 15 दिसंबर को बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एम्बुलेंस से सिंगापुर ले जाया गया। इलाज के दौरान 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। हादी की मौत के बाद ढाका समेत कई इलाकों में उनके समर्थकों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ है कि बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और अस्थिरता बढ़ रही है, जिससे आम लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में डर का माहौल बना हुआ है।