Site icon Dainik Savera Times

Bangladesh Violence: सड़कों पर उतरी सेना, उपद्रव में 4 लोगों की मौत; बांग्लादेश में फिर क्यों भड़क उठी हिंसा?

Bangladesh news

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। हिंसा की वजह से अब तक 4 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। वहीं, कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नवगठित ‘नेशनल सिटिजन पार्टी’ (NCP) के कार्यकर्ताओं से शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसा में तब्दील हो गया। पुलिस ने जब हालात संभालने की कोशिश की तो हिंसा और भड़क गई।

प्रदर्शनकारी बेकाबू हो गए। पुलिस ने उनको काबू में करने के लिए फायरिंग भी की। बताया जा रहा है कि एनसीपी ने अवामी लीग पार्टी के गढ़ कहे जाने वाले गोपालगंज में रैली करने का ऐलान किया था। इसका अवामी लीग लगातार विरोध कर रही थी, जिसकी वजह से हिंसा बढ़ गई।

1 मृतक की पहचान नहीं

हिंसा में मारे गए चारों लोगों में से 3 की पहचान हो चुकी है। मारे गए लोगों में 25 साल का दीप्तो साहा, 41 साल का सोहेल मुल्ला, 18 साल का रमजान काजी शामिल है। एक मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। घायल लोगों को गोपालगंज जनरल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार 9 लोगों को गोली लगने की पुष्टि हो चुकी है। गोपालगंज इलाके में हालात तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं।

इसके चलते पैरामिलिट्री फोर्स की 4 अतिरिक्त प्लाटून तैनात की गई हैं। सरकार ने ऐलान किया है कि हिंसा फैलाने के लिए जो लोग जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। एनसीपी नेता नाहिद इस्लाम ने बड़ी चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि अगर उनकी पार्टी के साथ न्याय नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।

नाहिद इस्लाम की पार्टी है एनसीपी

बता दें कि गोपालगंज जिले को अवामी पार्टी का मजबूत किला माना जाता है। यह इलाका बांग्लादेश के संस्थापक रहे बंगबंधु मुजीबुर रहमान का गृहनगर भी कहलाता है। बता दें कि एनसीपी का गठन नाहिद इस्लाम ने किया है। वे छात्र से पारंपरिक राजनीति में आए हैं। बुधवार को उन्होंने गोपालगंज इलाके में रैली आयोजित की थी। कथित तौर पर अवामी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थकों पर हमला कर दिया। अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के हाथ में लाठी, डंडे और दूसरे हथियार थे। इस दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।

Exit mobile version