Site icon Dainik Savera Times

पश्चिम बंगाल में BSF जवान पर बांग्लादेशी तस्करों का हमला, दो गिरफ्तार… भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के तराली-1 सीमा चौकी पर तस्करी रोकने गए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान पर बांग्लादेशी तस्करों ने हमला किया। इस हमले में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया, लेकिन जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इन तस्करों के पास से 10 किलो गांजा, सौ बोतल फेंसेडिल और हमला करने में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को भी बरामद किया गया है।

बीएसएफ जवान पर धारदार हथियार से हमला

घटना रात के करीब 1:50 बजे की है। बीएसएफ जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ रहे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को देखा, जो बैकलोड लेकर आ रहे थे। जवान ने इनसे रुकने के लिए कहा, लेकिन तस्करों ने इसका विरोध किया और गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद जवान ने हवाई फायरिंग की, लेकिन तस्कर और उग्र हो गए और बीएसएफ जवान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में जवान घायल हो गया, लेकिन तभी अन्य बीएसएफ जवान मौके पर पहुंच गए।

जवानों ने दो तस्करों को पकड़ा

अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बीएसएफ जवानों ने दो तस्करों को पकड़ लिया। बाकी तस्कर भागने में सफल रहे। पकड़े गए तस्करों से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए गए हैं। बीएसएफ जवानों ने इन तस्करों को सीमा चौकी तराली-1 ले जाकर उनसे पूछताछ शुरू की है।

बीएसएफ के प्रवक्ता ने कहा कि बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड्स (बीजीबी) के साथ फ्लैग मीटिंग में बार-बार घुसपैठ और हमलों की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा उठाया गया था, लेकिन बीजीबी की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बीजीबी की निष्क्रियता से तस्करों के हौसले बढ़ गए हैं, हालांकि बीएसएफ हर हालात में सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम है।

Exit mobile version