Site icon Dainik Savera Times

BCCI New President : राजीव शुक्ला बनेंगे BCCI के अंतरिम अध्यक्ष, रोजर बिन्नी की लेंगे जगह

नेशनल डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राजीव शुक्ला, जो फिलहाल BCCI के उपाध्यक्ष हैं, अगले महीने बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। वह मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

क्यों हट रहे हैं रोजर बिन्नी ?

आपको बता दें कि रोजर बिन्नी, जो भारत के 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य भी रह चुके हैं, 19 जुलाई 2025 को 70 साल के हो जाएंगे। BCCI के नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 70 वर्ष की आयु के बाद अध्यक्ष पद पर नहीं रह सकता। यही कारण है कि रोजर बिन्नी को यह पद छोड़ना पड़ेगा। बिन्नी को 2022 में BCCI अध्यक्ष बनाया गया था, जब उन्होंने सौरव गांगुली की जगह ली थी।

रोजर बिन्नी का क्रिकेट और प्रशासनिक योगदान

हालाकि, रोजर बिन्नी का क्रिकेट करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए 27 टेस्ट और 72 वनडे खेले हैं और कुल 126 विकेट लिए। विशेष रूप से 1983 के वर्ल्ड कप में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था और सबसे ज्यादा 18 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। बतौर BCCI अध्यक्ष, उन्होंने पिछले दो साल में कई अहम निर्णयों में हिस्सा लिया।

अब BCCI की कमान राजीव शुक्ला के हाथ में

राजीव शुक्ला 2020 से BCCI के उपाध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। इससे पहले वे उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) में सचिव की भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा वह 2018 तक आईपीएल के चेयरमैन भी रह चुके हैं। क्रिकेट प्रशासन में उनके अनुभव और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

फिलहाल अंतरिम अध्यक्ष की भूमिका में रहेंगे

रोजर बिन्नी के कार्यकाल की समाप्ति के बाद, जब तक BCCI कोई स्थायी अध्यक्ष नियुक्त नहीं करता, राजीव शुक्ला को अगले 3 महीनों के लिए अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस दौरान वे बोर्ड के सभी अहम फैसलों में मुख्य भूमिका निभाएंगे। राजीव शुक्ला का BCCI अध्यक्ष बनना क्रिकेट प्रशासन में उनके लंबे अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए स्वाभाविक निर्णय माना जा रहा है। वहीं, रोजर बिन्नी का कार्यकाल भी BCCI और भारतीय क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण रहा है। आने वाले महीनों में BCCI की नीतियों और फैसलों में राजीव शुक्ला की भूमिका पर सबकी नजरें होंगी।

Exit mobile version