Site icon Dainik Savera Times

ऑनलाइन मंगवाया 1.87 लाख का फोन, डिब्बा खोला तो उड़ गए इंजीनियर के होश (Video)

नेशनल डेस्क: बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ ऑनलाइन शॉपिंग का बेहद अजीब मामला सामने आया है। उन्होंने 1.87 लाख रुपए का Samsung Galaxy Z Fold 7 फोन अमेजन से ऑर्डर किया, लेकिन जब पैकेज खोला तो उसमें महंगे फोल्डेबल फोन की जगह मार्बल की टाइल निकली।

यह भी पढ़ें:  दर्द की असली दवा! अस्पताल के बेड पर हाथ में ड्रिप लगाकर शराब पीता मिला मरीज (Video)

क्रेडिट कार्ड से पूरी रकम दी 

इंजीनियर का नाम प्रेमानंद है। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह फोन 14 अक्टूबर को अमेजन की सेल में खरीदा था और क्रेडिट कार्ड से पूरी रकम एक बार में चुका दी थी। दिवाली से पहले फोन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन डिलीवरी में देरी हुई और आखिरकार 19 अक्टूबर को पार्सल मिला। सावधानी के तौर पर प्रेमानंद ने पूरे अनबॉक्सिंग का वीडियो रिकॉर्ड किया और यही उनके लिए सबसे बड़ा सबूत बन गया। वीडियो में साफ दिखा कि बॉक्स में फोन की जगह एक भारी सफेद मार्बल टाइल रखी गई थी।

 

प्रेमानंद का बयान 

प्रेमानंद ने बताया, “मैंने 1.87 लाख रुपए का नया Samsung फोन खरीदा था, लेकिन बॉक्स में पत्थर देखकर मैं हैरान रह गया। यह घटना मेरे लिए बहुत निराशाजनक रही। हमारी दिवाली की सारी खुशी चली गई।” उन्होंने तुरंत इस धोखाधड़ी की शिकायत की। पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर रिपोर्ट दर्ज कराई, फिर कुमारस्वामी लेआउट पुलिस स्टेशन जाकर औपचारिक FIR दर्ज कराई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि धोखाधड़ी डिलीवरी चेन में कहां और कैसे हुई, क्या इसमें किसी तीसरे व्यक्ति की मिलीभगत थी या नहीं।

कंपनी ने वापिस की पूरी राशि

दूसरी ओर अमेज़न की टीम ने जब वीडियो और सबूतों की जांच की, तो उन्होंने प्रेमानंद को 1.87 लाख रुपए की पूरी राशि वापस कर दी। कंपनी ने इस घटना पर आंतरिक जांच भी शुरू की है। इस घटना से ऑनलाइन खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए एक बार फिर चेतावनी मिली है। महंगे इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स की डिलीवरी लेते समय हमेशा अनबॉक्सिंग का वीडियो ज़रूर रिकॉर्ड करें। इससे किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में आपके पास ठोस सबूत रहेगा।

Exit mobile version