Site icon Dainik Savera Times

भक्ति शर्मा ने अंटार्कटिक महासागर में तैरकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

नेशनल डेस्कः भारत की मशहूर ओपन वॉटर स्विमर भक्ति शर्मा ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। भक्ति शर्मा ने महज 52 मिनट में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले अंटार्कटिक महासागर में 2.25 किलोमीटर तैरकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। भक्ति पहली एशियाई महिला और सबसे कम उम्र की तैराक हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

30 नवंबर 1989 को मुंबई में जन्मीं भक्ति शर्मा ने महज ढाई साल की उम्र से ही तैराकी शुरू कर दी। मां लीना शर्मा ने बेटी को तैराकी के गुर सिखाए। भक्ति शर्मा ने राज्य और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए अपनी खास पहचान बनाई।

साल 2003 में भक्ति शर्मा जब महज 14 साल की थीं, तो उन्होंने पहली बार ओपन वॉटर तैराकी में हिस्सा लिया। उन्होंने उरण बंदरगाह से गेटवे ऑफ इंडिया तक 16 किलोमीटर तैराकी की। भक्ति शर्मा के नाम लंबी दूरी की तैराकी में कई विश्व रिकॉर्ड हैं। महज 14 साल की उम्र में भक्ति 800 और 1500 मीटर जैसी सभी लंबी दूरी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थीं। मां को अपनी बेटी पर पूरा विश्वास था। इस बीच मां ने भक्ति को इंग्लिश चैनल पार करने की संभावना से परिचित कराया और पूछा कि क्या वह इसे आजमाना चाहेंगी?

भक्ति शर्मा ने अपनी दोस्त प्रियंका गहलोत और मां लीना शर्मा के साथ इंग्लिश चैनल में तीन सदस्यीय महिला रिले टीम द्वारा पहली बार तैराकी करने का एशियाई रिकॉर्ड बनाया है। यह इंग्लिश चैनल पार करने वाली विश्व की पहली मां-बेटी की जोड़ी भी है, जिन्होंने साल 2008 में यह कारनामा किया था।

जनवरी 2015 में भक्ति शर्मा ने अंटार्कटिक महासागर में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान में 2.3 किलोमीटर तैरकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इसी के साथ उन्होंने अमेरिका की लिन कॉक्स और इंग्लैंड की लुईस पुघ का रिकॉर्ड तोड़ा।

भक्ति शर्मा अंटार्कटिक महासागर में ओपन स्विमिंग में रिकॉर्ड बनाने वाली पहली एशियाई महिला और दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला हैं। उनके नाम दुनिया के सभी पांच महासागरों में स्विमिंग करने का भी रिकॉर्ड है। भक्ति शर्मा को साल 2010 में ‘तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।

Exit mobile version