Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान में इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर बड़ा धमाका, सुसाइड अटैक में 12 लोगों की मौत

November 11, 2025

पाकिस्तान में इस्लामाबाद कोर्ट के बाहर बड़ा धमाका, सुसाइड अटैक में 12 लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार दोपहर एक बड़ा धमाका हुआ। यह विस्फोट जिला अदालत (डिस्ट्रिक्ट कोर्ट) के बाहर करीब 12:30 बजे हुआ, जब वहां काफी भीड़ और ट्रैफिक था। धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज़ दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

12 लोगों की मौत की पुष्टि

पुलिस के अनुसार, एक कार में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी, जो अदालत परिसर के पार्किंग एरिया में खड़ी थी। धमाका होते ही कार आग के गोले में बदल गई। अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में कुछ वकील और आम नागरिक शामिल हैं। उन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है। फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही हैं और जांच कर रही हैं कि धमाका कैसे हुआ और इसमें किसका हाथ हो सकता है।

हम युद्ध की स्थिति में हैं: ख्वाजा आसिफ

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस हमले को देश के लिए “गंभीर चुनौती” बताया। उन्होंने कहा, “हम युद्ध की स्थिति में हैं। यह हमला अफगानिस्तान से जुड़े आतंकवाद का संदेश है, लेकिन पाकिस्तान इसे रोकने में पूरी तरह सक्षम है।” उन्होंने आगे कहा कि यह सिर्फ किसी एक इलाके की समस्या नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए खतरा है।

आसपास के इलाकों में सुरक्षा सख्त

घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा सख्त कर दी गई है। सभी कोर्ट की कार्यवाही फिलहाल रोक दी गई है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। सरकार ने कहा है कि इस हमले की पूरी तरह जांच की जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें