Site icon Dainik Savera Times

नवरात्रि से पहले भक्तों को बड़ा झटका… श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा पर लगी रोक, जानें वजह

Vaishno Devi News : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की यात्रा को एक बार फिर रोक दिया गया है। बता दें कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने शनिवार को जानकारी दी कि भवन परिसर और यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही भारी बारिश के कारण 14 सितंबर से निर्धारित यात्रा अब अगली सूचना तक स्थगित रहेगी।

जानें बोर्ड ने क्या कहा?

श्राइन बोर्ड ने बताया कि मौसम के अनुकूल होने पर 14 सितंबर (रविवार) से यात्रा दोबारा शुरू करने की योजना थी। बोर्ड ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी घोषणा भी की थी। लेकिन फिलहाल जम्मू क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे मार्ग पर भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। ऐसे हालात को देखते हुए तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया।

24 अगस्त को हुआ था भीषण भूस्खलन

गौरतलब है कि 24 अगस्त को भीषण भूस्खलन के बाद माता वैष्णो देवी यात्रा को रोकना पड़ा था। उस समय हुई त्रासदी में 34 से अधिक तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। 26 अगस्त को हुए इस हादसे के बाद प्रशासन ने कटरा क्षेत्र के होटलों और धर्मशालाओं को खाली करने का आदेश दिया था, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में नुकसान कम किया जा सके।

भूस्खलन की इस घटना के बाद श्राइन बोर्ड की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हुए थे। यहां तक कि जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी यात्रा प्रबंधन में लापरवाही को लेकर एसएमवीडीएसबी के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने के आदेश दिए। इस समिति में अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल शक्ति) की अध्यक्षता में जम्मू के संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को शामिल किया गया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया गया था।

प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है…

हर साल देश और विदेश से करोड़ों श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रियासी जिले के कटरा पहुंचते हैं। श्राइन बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की अनुकूल स्थिति और प्रशासन की अगली सूचना तक यात्रा की योजना न बनाएं। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

Exit mobile version