Site icon Dainik Savera Times

‘अपनी जिम्मेदारी किसी और को सौंपने में असमर्थ क्यों हैं’, चिराग पासवान ने लालू यादव से पूछा

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को लेकर बिहार की सियासी पारा चढ़ गया है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर टिप्पणी करते हुए उनके उत्तराधिकार को लेकर सवाल उठाए हैं। चिराग ने अपने बयान में कहा, ‘लालू जी को बधाई, वे मेरे लिए पिता तुल्य हैं। लेकिन, सवाल यह है कि उम्र के इस पड़ाव और खराब स्वास्थ्य के बावजूद, वह अपनी जिम्मेदारी किसी और को सौंपने में क्यों असमर्थ हैं?‘

मतदाता सूची पर क्या बोले चिराग?

वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया समय पर पूरा करने वाले बयान पर चिराग पासवान ने कहा, ‘चुनाव आयोग आज तो गठित नहीं हुआ है। ये निरंतरता में काम करने वाली संस्था है। इनको पता है कि किसके लिए कितने समय की जरूरत है, उसी के आधार पर ये सारी चीजें की जाती हैं।’

उन्होंने आगे कहा, ‘अभी भी जो ये प्रोसेस चल रहा है। वोटर लिस्ट में संशोधन के लिए सितंबर से अक्टूबर तक लास्ट डेट दी गई है। स्वाभाविक है कि तब तक ये प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। क्योंकि उसके बाद चुनाव होने हैं। ये ऐसी प्रक्रिया होती कि किसी भी वोटर के साथ नाइंसाफी नहीं हो। कोई फर्जी वोट न हो पाए। कोई इसका गलत उपयोग न कर सके। उस दृष्टि से इस प्रक्रिया का पालन किया जाता है। अगर चुनाव आयोग ने इसके लिए समय सीमा निर्धारित की है तो इसको समय रहते पूरा कर लिया जाएगा।‘

सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर छापना गलत

कांग्रेस के सेनेटरी पैड वितरण अभियान पर चिराग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘मैं उनकी सोच का समर्थन करता हूं, लेकिन इस अभियान में सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर छापना गलत है। प्रचार के लिए इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए। इतनी पुरानी पार्टी को ऐसा शोभा नहीं देता।‘

Exit mobile version