Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो लाख के 3 इनामी बदमाश गिरफ्तार, 3 पिस्तौल बरामद

March 23, 2025

बिहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो लाख के 3 इनामी बदमाश गिरफ्तार, 3 पिस्तौल बरामद

Bihar Encounter: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी भरत कुमार समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। भरत पर दो लाख रुपये का इनाम था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस मुठभेड़ में दो लाख के इनामी समेत तीन अपराधी गिरफ्तार

शनिवार की रात पटना के नौबतपुर इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच गोलीबारी हुई। हालाँकि, कोई हताहत नहीं हुआ। पटना-पश्चिम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आर.एस. सरथ ने संवाददाताओं को बताया कि मुठभेड़ के बाद भरत और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उस स्थान पर छापा मारा जहां भरत और उसके साथी छिपे हुए थे।

एसपी ने बताया, “पुलिस को देखते ही तीनों अपराधियों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।” उन्होंने बताया कि भरत के खिलाफ हत्या समेत कई जघन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं और उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस ने उसके पास से तीन पिस्तौल भी बरामद की हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इससे पहले इन जिलों में हुआ दो अलग-अलग मुठभेड़

इससे पहले शनिवार को पुलिस ने अररिया और वैशाली जिलों में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में एक वांछित अपराधी को मार गिराया और तीन अन्य को गिरफ्तार किया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अररिया जिले के नरपतगंज इलाके में शनिवार तड़के मुठभेड़ में चुनमुन झा उर्फ ​​राकेश झा नामक कुख्यात अपराधी मारा गया। वह कई हत्या मामलों में वांछित था।

मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी घायल

उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं और एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य मुठभेड़ में पुलिस ने विशाल कुमार और सुशील कुमार नामक दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि दोनों अपराधी 30 से अधिक जघन्य अपराधों में वांछित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें