Site icon Dainik Savera Times

‘भाजपा वोट चोरी कर संविधान को कमजोर कर रही’, कटिहार में जमकर बरसीं प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi changes to MGNREGA

Priyanka Gandhi changes to MGNREGA

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कटिहार में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन आज वही लड़ाई लड़ रहे हैं जो महात्मा गांधी ने देश के नागरिकों के अधिकारों के लिए लड़ी थी। उन्होंने कहा, ”भाजपा वोट चोरी कर रही है, संविधान को कमजोर कर रही है।”

प्रियंका गांधी ने क्या-क्या कहा? 

प्रियंका गांधी ने कटिहार जिले के कदवा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज कांग्रेस और महागठबंधन की लड़ाई सिर्फ राजनीति की नहीं है, बल्कि नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। यह वही लड़ाई है जो महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ी थी। अब हम नरेंद्र मोदी के साम्राज्य के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो लोगों का दमन कर रहे हैं और अफवाहें फैला रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि वोट का अधिकार, जो नागरिकों का सबसे बड़ा अधिकार है, खतरे में है। उन्होंने कहा, “भाजपा वोट चोरी कर रही है, संविधान को कमजोर कर रही है, और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही है।”

 

प्रधानमंत्री मोदी का पलटवार

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीतामढ़ी में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जनता को “कट्टा सरकार” नहीं चाहिए, बल्कि फिर एक बार NDA सरकार चाहिए। मोदी ने कहा, “सीतामढ़ी का यह जोश, यह उत्साह दिल को छू लेने वाला है। लोग कह रहे हैं, नहीं चाहिए कट्टा सरकार, चाहिए फिर NDA सरकार।” उन्होंने पहले चरण के मतदान पर भी खुशी जताई और कहा कि बिहार के लोगों ने विकास को चुना है।पीएम मोदी ने कहा,“पहले चरण के मतदान में बिहार ने जंगल राज वालों को 65 वोल्ट का झटका दिया है। युवाओं, बहनों और बेटियों ने NDA की बड़ी जीत तय कर दी है।”

चुनाव की स्थिति

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हाल ही में पूरा हुआ है। अब दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच, दोनों ही पक्ष महागठबंधन और NDA मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जमकर प्रचार कर रहे हैं।

Exit mobile version