Site icon Dainik Savera Times

‘विदेशी नेताओं से मीटिंग तय करना MEA का काम, सरकार…’, राहुल गांधी के आरोपों पर BJP का जवाब

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार उन्हें भारत आने वाले विदेशी मेहमानों से मिलने नहीं देती। उनका कहना था कि जब विदेशी नेता भारत आते हैं, तो सरकार उन्हें सुझाव देती है कि वे विपक्ष के नेता (LoP) से न मिलें। राहुल ने यह भी कहा कि पहले अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह के समय में LoP का विदेशी मेहमानों से मिलना एक सामान्य परंपरा थी, लेकिन अब सरकार ऐसा नहीं होने देती और यह सरकार की ”इनसिक्योरिटी” (असुरक्षा) बताता है।

राहुल के आरोपों पर क्या बोले संबित पात्रा

राहुल के इन आरोपों पर BJP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। BJP सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी के बयान “तथ्यहीन” हैं और इससे भारत की छवि खराब होती है, खासतौर पर उस समय जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे बड़े नेता भारत की यात्रा पर हैं। पात्रा ने कहा कि विदेशी मेहमानों की मीटिंग्स तय करना विदेश मंत्रालय (MEA) की जिम्मेदारी होती है। सरकार यह तय नहीं करती कि विदेशी नेता किससे मिलें या किससे नहीं। सरकार में “इनसिक्योरिटी” की बात पूरी तरह गलत है क्योंकि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान है।

राहुल गांधी ”खुद को ओवरएस्टिमेट” कर रहे हैं और बेवजह विवाद पैदा कर रहे हैं। संबित पात्रा ने उन विदेशी नेताओं के नाम भी बताए जिनसे जून 2024 के बाद राहुल गांधी मिल चुके हैं, ताकि यह साबित किया जा सके कि सरकार ने कोई रोक नहीं लगाई।

सरकार रोक रही कहना सही नहीं

ये नेता हैं, 10 जून 2024 – बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, 1 अगस्त 2024 – वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिंग, 21 अगस्त 2024 – मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, 8 मार्च 2025 – न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, 16 सितंबर 2025 – मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम। पात्रा ने कहा कि जो भी विदेशी डेलीगेशन राहुल गांधी से मिलना चाहता था, उनसे मुलाकात कराई गई। इसलिए राहुल द्वारा “सरकार रोक रही है” कहना सही नहीं है।

मामला उस समय गरमाया जब राहुल ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भी भारतीय सरकार दूसरे देशों को बताती है कि वे उनसे (LoP) न मिलें। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष भी भारत का प्रतिनिधित्व करता है और उनका नजरिया भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी बीच, TASS की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन की भारत यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। इस प्रकार, राहुल गांधी और BJP के बीच विदेशी नेताओं से मुलाकात को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

Exit mobile version