Blackout UP Today News: उत्तर प्रदेश में आज शाम एक बड़ी मॉक एक्सरसाइज होने जा रही है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया जाएगा। यह अभ्यास शाम 6 बजे शुरू होगा। इसके तहत कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई बंद की जाएगी और हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन बजाया जाएगा।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में सरकारी एजेंसियों और आम लोगों की तैयारियों को परखना है। खासतौर पर यह देखा जाएगा कि अगर कभी हवाई हमला होता है या दुश्मन देश की तरफ से कोई खतरा पैदा होता है, तो उससे निपटने के लिए प्रशासन कितना तैयार है।
करीब 2 मिनट तक बजेगा हवाई हमले का सायरन
मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी जिलों में हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन करीब 2 मिनट तक बजाया जाएगा। सायरन बजते ही ब्लैकआउट की प्रक्रिया शुरू होगी और अस्थायी रूप से बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाएगी।
इस दौरान पुलिस, दमकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव से जुड़ी टीमें मिलकर काम करेंगी। सभी विभागों के अधिकारी यह जांच करेंगे कि आपात स्थिति में कितनी जल्दी कार्रवाई की जा सकती है। अभ्यास पूरा होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसका मतलब होगा कि खतरे की स्थिति समाप्त हो गई है और अब सामान्य गतिविधियां शुरू की जा सकती हैं।
जनवरी 2026 में भी हुई थी ऐसी ही मॉकड्रिल
उत्तर प्रदेश में इससे पहले भी इस तरह का अभ्यास किया जा चुका है। 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई थी। उस दौरान भी कुछ समय के लिए बिजली बंद की गई थी और हवाई हमले जैसी आपात स्थिति का माहौल तैयार किया गया था। इस अभ्यास के जरिए यह जांचा गया था कि अगर देश पर किसी दुश्मन की तरफ से हमला होता है, तो प्रशासन, पुलिस और दूसरी राहत एजेंसियां कितनी तेजी से काम कर सकती हैं। अब एक बार फिर इसी तरह की तैयारियों को परखने के लिए यह अभ्यास किया जा रहा है।
मॉकड्रिल के दौरान क्या-क्या होगा?
मॉकड्रिल के दौरान अलग-अलग तरह की आपात स्थितियों को ध्यान में रखकर अभ्यास किया जाएगा। इसमें लोगों को हवाई हमले की चेतावनी मिलने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया शामिल होगी। इसके तहत नागरिक सुरक्षा की टीमें कई तरह के बचाव अभियान चलाएंगी।
-आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने का अभ्यास किया जाएगा।
-घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया जाएगा।
-क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास होगा।
-गंभीर रूप से घायल लोगों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
-पुलिस और राहत टीमें आपसी तालमेल के साथ आपात स्थिति से निपटने की तैयारी करेंगी।
-इस दौरान यह भी देखा जाएगा कि किसी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग कितनी जल्दी मौके पर पहुंचते हैं और राहत कार्य कैसे शुरू करते हैं।
गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों पर हो रहा अभ्यास
नागरिक सुरक्षा विभाग की प्रधान सचिव संयुक्ता समद्दार ने बताया कि यह मॉक एक्सरसाइज केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार कराई जा रही है। इसमें कई सरकारी और सुरक्षा एजेंसियां हिस्सा लेंगी। इनमें राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA), जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग शामिल हैं।