Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

पानी के टैंक में मिलें एक ही परिवार के 4 लोगों का शव… न सुसाइड नोट, न दुश्मनी, फिर क्यों खत्म हो गया पूरा परिवार?

July 2, 2025

पानी के टैंक में मिलें एक ही परिवार के 4 लोगों का शव… न सुसाइड नोट, न दुश्मनी, फिर क्यों खत्म हो गया पूरा परिवार?

Rajasthan news : राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। बता दें कि शिव थाना क्षेत्र के उण्डू गांव स्थित धनानियों की ढाणी में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में शिवलाल गौड़, उनकी पत्नी कविता और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। चारों के शव घर में बने पानी के टांके से बरामद हुए हैं।

सुबह से नहीं दिखे परिजन, टांके से आई बदबू ने खोला राज

गांववालों के अनुसार, सुबह से ही परिवार के सदस्य घर से बाहर नहीं निकले थे, जिससे लोगों को शंका हुई। जब पड़ोसी घर पहुंचे तो वहां पानी के टांके से तेज बदबू आ रही थी। शक होने पर जब टांके में झांका गया तो गांव वालों के होश उड़ गए पूरे परिवार के शव उसमें पड़े थे। तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

ना मिला सुसाइड नोट, ना दुश्मनी… फिर क्यों खत्म हो गया पूरा परिवार?

सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस और रामसर क्षेत्र के सीओ मनाराम गर्ग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को टांके से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, और न ही यह संकेत मिला है कि परिवार किसी मानसिक या आर्थिक तनाव में था।

पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

गांव में इस दर्दनाक घटना से गहरा शोक है, विशेष रूप से बच्चों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर वह कौन सी परिस्थिति थी जिसने इस पूरे परिवार को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों के आधार पर ही घटना की असल वजह सामने आ पाएगी।

गांव में मातम और सन्नाटा

गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस की जांच जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठेगा। पुलिस परिजनों और गांववालों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें