Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में लापता दो SPO के शव बरामद, गोलियां मारकर की गई हत्या

November 12, 2026

जम्मू-कश्मीर में लापता दो SPO के शव बरामद, गोलियां मारकर की गई हत्या

जम्मू-कश्मीरः किश्तवाड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां मारवाह के देहरना जंगल इलाके में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद कर लिए गए हैं। दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक जवानों की पहचान ऋषिपाल और बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के साथ तैनात थे।

सेना की चौकी पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे दोनों जवान
जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO कियार दच्छन से अपर रिज देहरना के इंदरवन इलाके में स्थित बसनान जा रहे थे। वहां सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की एक टीम तैनात थी, जिसे दोनों जवानों ने रिलीव करना था। यानी दोनों जवान वहां पहुंचकर पहले से तैनात टीम की जगह ड्यूटी संभालने वाले थे। लेकिन वे अपने तय ठिकाने तक नहीं पहुंच सके।

ढारना-मारवाह की चौकी पर नहीं पहुंचे थे SPO
अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवान कियार कैंप से ढारना-मारवाह स्थित सेना की चौकी के लिए निकले थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे चौकी पर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उनके फोन बंद हो गए। इसके बाद जवानों की सुरक्षा और उनके ठिकाने को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

पुलिस और सेना ने मिलकर चलाया सर्च ऑपरेशन
दोनों जवानों के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू कर दिया था। सुरक्षा बलों की कई टीमें आसपास के इलाकों में भेजी गई थीं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों में भी तलाशी ली जा रही थी। इस अभियान का मकसद दोनों जवानों का पता लगाना और उनके लापता होने के पीछे की वजह का पता लगाना था। अब तलाशी अभियान के दौरान दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

आतंकी हमले की आशंका पर अभी स्थिति साफ नहीं
अधिकारियों का कहना है कि जब तक घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने नहीं आ जाते, तब तक इसे आतंकी गतिविधि से जोड़ना सही नहीं होगा। हालांकि, दो सुरक्षाकर्मियों का इस तरह लापता होना और बाद में उनके शवों का गोलियों से छलनी हालत में मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है। किश्तवाड़ जिला पहले भी आतंकवाद से जुड़ी कई घटनाओं का गवाह रहा है। ऐसे में इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हाल ही में कुलगाम में CRPF कैंप पर भी हुआ था हमला
गौरतलब है कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था। CRPF के मुताबिक, नाके पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद से ही जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें