Site icon Dainik Savera Times

Box Office Collection: Aamir Khan की नई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल.. 4 दिन में की 100 करोड़ की कमाई

Sitaare Zameen Par Box Office Collection: आमिर खान की नई फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ ने वीकेंड पर शानदार शुरुआत के बाद अपने पहले सोमवार यानी 23 जून को बॉक्स ऑफिस पर गिरावट दर्ज की है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने सोमवार को ₹8.50 करोड़ की कमाई की, जो रविवार की कमाई ₹27.25 करोड़ के मुकाबले काफी कम है। इसके बावजूद, फिल्म ने आमिर की पिछली रिलीज ‘लाल सिंह चड्ढा’ की घरेलू कमाई को पीछे छोड़ दिया है।

कुल घरेलू कलेक्शन ₹66.65 करोड़ तक पहुंचा

फिल्म ने चार दिनों में भारत में कुल ₹66.65 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। वहीं ‘लाल सिंह चड्ढा’ ने अपने पूरे रन में ₹61.36 करोड़ की ही कमाई की थी। इस तरह आमिर की ये नई पेशकश पहले ही अपनी पिछली फिल्म से आगे निकल चुकी है।

दुनियाभर में कमाई ₹100 करोड़ के करीब

ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर भी ‘सितारे जमीन पर’ ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने महज तीन दिनों में ₹95.75 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई कर ली है और अब ₹100 करोड़ क्लब में एंट्री लेने की कगार पर है।

इंडस्ट्री से मिल रही तारीफ

फिल्म को दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री दोनों से ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: “‘सितारे जमीन पर’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड छलांग लगाई है, यह जानकर बहुत खुशी हुई। कौन कहता है कि अच्छी फिल्मों को दर्शक नहीं पसंद करते। आमिर खान और उनकी टीम को बधाई। रितेश देशमुख और महेश बाबू ने भी फिल्म की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक और दिल छू लेने वाली फिल्म बताया है।

फिल्म की कहानी और कास्ट

‘सितारे जमीन पर’ का निर्देशन आर.एस. प्रसन्ना ने किया है और इसे लिखा है दिव्य निधि शर्मा ने। फिल्म के निर्माता आमिर खान, अपर्णा पुरोहित और रवि भागचंदका हैं। यह फिल्म एक बास्केटबॉल कोच की कहानी है, जो एक टूर्नामेंट के लिए दस दिव्यांग खिलाड़ियों को ट्रेन करता है। आमिर खान के साथ फिल्म में जेनेलिया डिसूजा उनकी पत्नी के किरदार में हैं। फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट में अरुष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, संवित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शाहनी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर शामिल हैं।

Exit mobile version