नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद दिग्विजय सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी है कि अब बड़े-बड़े मंचों और रैलियों पर ध्यान देने के बजाय बूथ स्तर, यानी मतदान केंद्रों पर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है।
62 लाख वोट काटे जाने और SIR पर गंभीर आरोप
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि 62 लाख वोट काट दिए गए, 20 लाख वोट जोड़े गए, जिनमें 5 लाख वोट बिना SIR फॉर्म भरे डाल दिए गए। उनके अनुसार, जिन वोटों को काटा गया, उनमें ज़्यादातर गरीब, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के वोट शामिल थे।
साथ ही उन्होंने EVM पर भी संदेह व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मुझे जो शक था, वह सच हो गया। 62 लाख वोट काटे, 20 लाख जोड़े, 5 लाख बिना SIR फॉर्म भरे डाले गए। काटे गए अधिकतर वोट गरीब, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के थे। EVM पर भी सवाल हैं।”
कांग्रेस को बूथ स्तर पर काम करने की सलाह
दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज का चुनाव सिर्फ रैलियों, भाषणों और बड़े आयोजनों से नहीं जीता जाता, बल्कि मतदान केंद्रों पर लगातार जनसंपर्क और मजबूत स्थानीय संगठन से जीता जाता है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा, “पार्टी को अपने संगठन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। आज का चुनाव बूथ स्तर पर गहन जनसंपर्क का है।” उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को बधाई भी दी।
इससे पहले भी उठाए थे EVM और मतदाता सूची पर सवाल
बुधवार को एग्ज़िट पोल आने के बाद भी दिग्विजय सिंह ने मतदाता सूची और EVM में हेराफेरी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि, “अगर NDA 140 से ज्यादा सीटें जीतता है, तो यह हेराफेरी की गई मतदाता सूची और हेराफेरी की गई EVM के कारण होगा।”
पवन खेड़ा का चुनाव आयोग पर तंज
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने आज कहा कि बिहार चुनाव वास्तव में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बिहार की जनता के बीच मुकाबला बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती रुझानों में ऐसा लग रहा है कि “ज्ञानेश कुमार आगे चल रहे हैं, बिहार की जनता नहीं।”
रुझानों में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन
दोपहर 1:20 बजे के चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार: कांग्रेस केवल 5 सीटों पर आगे चल रही है। वोट शेयर की बात करें तो यह महज 8.3% है। वहीं, महागठबंधन 39 सीटों पर आगे चल रहा है। RJD- 29 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी तरफ NDA का प्रदर्शन बेहद मजबूत है। NDA- 198 सीटों पर आगे चल रही है। इनमें 90 सीटों सीटो पर BJP, 81 सीटों पर JDU और LJP (रामविलास) 21 सीटों पर आगे चल रही है।
मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई
243 विधानसभा सीटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई। 8:30 बजे से EVM के वोटों की गिनती शुरू की गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी रखी गई।

