नेशनल डेस्क : स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के कारण हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार ने सूअरों की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला राज्य के पशुपालन विभाग द्वारा लिया गया है, और यह कदम स्वाइन फ्लू के कारण सूअरों की मौतों को देखते हुए उठाया गया है। प्रशासन ने सूअर पालन के क्षेत्र में संक्रमण को नियंत्रित करने और फैलने से रोकने के लिए यह कदम उठाया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
स्वाइन फ्लू का मामला कहां सामने आया ?
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल की कोलका पंचायत में हाल ही में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू के संक्रमण का मामला सामने आया। इस संक्रमण के बाद प्रशासन ने सूअरों की खरीद-बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम संक्रमण को फैलने से रोकने और स्वास्थ्य को खतरे में डालने से बचने के लिए जरूरी था।
सुअरों की मौत और मारने की कार्रवाई
दरअसल, बिलासपुर में एक सूअर पालन केंद्र में स्वाइन फ्लू के कारण 36 सूअरों की मौत हो गई थी। इसके बाद, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए 4 और सुअरों को मार दिया गया। पशुपालन विभाग ने सूअर पालन केंद्र को खाली करवा दिया और अब सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह फार्म पशु औषधालय दसलेहरा के तहत आता है और इस फार्म में कुल 40 सूअर पाले गए थे।
क्यों लिया गया यह फैसला?
स्वाइन फ्लू का संक्रमण सूअरों के लिए बेहद खतरनाक है और यह इंसानों में भी फैल सकता है। इससे बचाव के लिए सरकार ने सूअरों की आवाजाही को रोकने का निर्णय लिया है। इस संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सूअर पालन केंद्रों को भी पूरी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है, ताकि संक्रमण किसी अन्य स्थान तक न पहुंचे।
अगला कदम क्या होगा?
हालांकि, प्रशासन और पशुपालन विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं कि इस फ्लू के संक्रमण का फैलाव अन्य क्षेत्रों में न हो। सूअरों के अलावा, अन्य जानवरों और इंसानों के स्वास्थ्य को खतरे से बचाने के लिए निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, विभाग की ओर से लगातार स्वाइन फ्लू के मामलों की मॉनिटरिंग की जा रही है और लोगों को इसके बारे में जागरूक किया जा रहा है।

