नेशनल डेस्क : हेट स्पीच मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है। इससे उत्तर प्रदेश की मऊ विधानसभा सीट खाली हो गई है और जल्द ही यहां उपचुनाव कराए जाने की संभावना है। अब्बास अंसारी साल 2022 में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) से पहली बार विधायक बने थे। वहीं सुभासपा अध्यक्ष और योगी कैबिनेट में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुद्दे पर खुलकर बयान दिया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
राजभर ने मऊ सीट पर जताया दावा
आपको बता दें कि सुभासपा अध्यक्ष और योगी कैबिनेट में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुद्दे पर खुलकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मऊ सीट सुभासपा की है, इसलिए उपचुनाव में यह सीट उन्हीं की पार्टी लड़ेगी। राजभर ने साफ कहा कि अगर उपचुनाव का ऐलान होता है तो सुभासपा वहां से अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी और एनडीए नेतृत्व से बातचीत करके ही फैसला लिया जाएगा।
अब्बास अंसारी के साथ खड़ी है पार्टी
इसके साथ ही राजभर ने इस बात पर जोर दिया कि अब्बास अंसारी आज भी पार्टी के विधायक हैं, भले ही उनकी विधायकी रद्द हो गई हो। अगर वह कोर्ट में याचिका दायर करते हैं और स्टे मिल जाता है, तो उनकी वैधता बनी रहेगी। उन्होंने कहा, “हम उनके साथ हैं और यह पार्टी का अंदरूनी मामला है।”
पंचायत चुनाव को लेकर भी दिया बयान
ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव पर भी बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर वह चार बार मुख्यमंत्री, दो बार गृह मंत्री और एक बार प्रधानमंत्री से बात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं की सहमति है कि पंचायत चुनाव में धनबल और बाहुबल को खत्म करना जरूरी है। इसके लिए कोशिश की जा रही है कि इस बार का पंचायत चुनाव सीधे जनता द्वारा चुने गए उम्मीदवारों से कराया जाए।
बकरीद पर सड़क पर कुर्बानी की नहीं होगी इजाजत
बकरीद को लेकर चल रही बहस पर भी राजभर ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि सड़क पर कुर्बानी करने की संविधान में कोई इजाजत नहीं है। कोई भी व्यक्ति अपने घर के अंदर या तय धार्मिक स्थानों पर कुर्बानी कर सकता है, लेकिन सार्वजनिक जगहों पर इसकी इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है, लेकिन कानून का पालन सभी को करना चाहिए।
महाराजा सुहेलदेव की विरासत पर जोर
ओम प्रकाश राजभर ने इस मौके पर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने कभी राजभर समाज के नायक महाराजा सुहेलदेव को महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब से एनडीए की सरकार बनी है, तब से सभी जाति और धर्मों के महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 10 जून को बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का विजय दिवस मनाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर पार्क और उनकी मूर्ति का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित कर सकते हैं।
मऊ सीट को लेकर उपचुनाव की सरगर्मी शुरू हो गई है। ओम प्रकाश राजभर ने इस पर अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि सीट पर दावा सुभासपा का है और एनडीए नेतृत्व के साथ मिलकर वे चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक मुद्दों, पंचायत चुनाव सुधार, धार्मिक अनुशासन और ऐतिहासिक विरासत जैसे विषयों पर भी खुलकर बात रखी है।

