Site icon Dainik Savera Times

AAP नेता दुर्गेश पाठक के घर CBI की रेड, आतिशी समेत पार्टी के नेताओं ने BJP पर बोला हमला

नई दिल्ली : सीबीआई (CBI) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और गुजरात चुनाव प्रभारी दुर्गेश पाठक के खिलाफ विदेशी फंडिंग से जुड़े मामले में छापेमारी की है। यह कार्रवाई विदेशी चंदा विनियमन अधिनियम (FCRA) के नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई है। सीबीआई ने बुधवार को इस मामले में केस दर्ज किया था और गुरुवार सुबह उनके घर पर छापा मारा गया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

‘राजनीति से प्रेरित कार्रवाई’

वहीं अब इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी ने इस छापेमारी को राजनीति से प्रेरित बताया है। पार्टी का कहना है कि बीजेपी, केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर AAP नेताओं को परेशान कर रही है। पार्टी का आरोप है कि जैसे ही AAP ने गुजरात में चुनाव की तैयारी शुरू की, वैसे ही दुर्गेश पाठक को निशाना बनाया गया।

नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने जताई नाराजगी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सीबीआई की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जैसे ही आम आदमी पार्टी ने गुजरात में चुनाव की तैयारियाँ तेज़ कीं, वैसे ही बीजेपी डर गई और सीबीआई को दुर्गेश पाठक के पीछे लगा दिया।” उन्होंने ये भी कहा कि “गुजरात में सिर्फ AAP ही बीजेपी को सीधी टक्कर दे सकती है। इसी डर से बीजेपी ऐसी हरकतें कर रही है। लेकिन हमें डराने से कुछ नहीं होगा।”

‘बीजेपी का गंदा खेल फिर शुरू’ 

AAP ने सीबीआई की रेड को बीजेपी की राजनीतिक चाल बताया है। पार्टी का कहना है कि “बीजेपी अब फिर से अपनी पुरानी रणनीति पर लौट आई है – झूठे केस, रेड, और एजेंसियों का दुरुपयोग।” पार्टी ने कहा कि बीजेपी AAP को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन AAP इससे डरने वाली नहीं है।

“गुजरात में भाजपा की हालत खराब”

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सीबीआई की छापेमारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा की स्थिति कमजोर होती जा रही है और अब वहाँ की जनता को आम आदमी पार्टी से उम्मीदें हैं। “गुजरात में भाजपा की हालत पतली है। लोग बदलाव चाहते हैं और आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहे हैं। यही वजह है कि मोदी जी अब डर गए हैं और सीबीआई को भेज कर हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं।”

 “हम डरने वाले नहीं हैं”…

संजय सिंह ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब AAP को डराने की कोशिश की जा रही है। “बीजेपी ने पहले भी बहुत कोशिश की है, अब भी जो करना है कर ले। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। आम आदमी पार्टी हर हाल में दुर्गेश पाठक और उनके परिवार के साथ खड़ी है।”

CBI की कार्रवाई पर उठे सवाल

राजनीतिक गलियारों में इस छापेमारी को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जब कोई पार्टी तेजी से उभरती है और सत्तारूढ़ पार्टी को चुनौती देने लगती है, तब ऐसे छापे और जांच एजेंसियों की कार्रवाई बढ़ जाती है। AAP समर्थकों का कहना है कि यह एक तरह का ‘राजनीतिक बदला’ है।

AAP और BJP का टकराव तेज

दुर्गेश पाठक के घर हुई CBI छापेमारी ने एक बार फिर केंद्र सरकार और AAP के बीच टकराव को उजागर कर दिया है। एक ओर CBI कानूनी प्रक्रिया का हवाला दे रही है, वहीं दूसरी ओर AAP इसे राजनीतिक साजिश बता रही है। गुजरात चुनावों के नजदीक आते ही यह मामला और भी गर्मा सकता है।

Exit mobile version