Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका: ‘चार्ली किर्क का हत्यारा पकड़ा गया’, ट्रंप बोले- उम्मीद है हमलावर को मौत की सजा मिले

इंटरनेशनल डेस्क: रिपब्लिकन कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अमेरिका में ‘उटाह वैली यूनिवर्सिटी’ के परिसर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह हमला उस वक्त हुआ जब किर्क एक बहस में हिस्सा ले रहे थे। तभी हमलावर ने परिसर की छत से उन पर गोली चलाई और मार दिया। किर्क ट्रंप के बेहद करीबी यहयोगियों में से एक थे।

उम्मीद है हमलावर को मौत की सजा मिलेगी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में बताया कि रिपब्लिकन कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या मामले में पुलिस को जो व्यक्ति सौंपा गया है, उसे उसी के किसी करीबी ने पकड़ा कर दिया। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि आरोपी हिरासत में है। दरअसल, उसे किसी बेहद करीबी व्यक्ति ने पुलिस के हवाले किया है।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि हमलावर को मौत की सजा मिलेगी। ट्रंप ने कहा, “यूटा राज्य में मृत्युदंड की व्यवस्था है और मुझे लगता है कि इस मामले में वही सज़ा दी जानी चाहिए। राज्यपाल भी इसके पक्ष में हैं। यह एक बहुत ही भयानक अपराध था।”

चार्ली मेरे बेटे जैसा था: ट्रंप

ट्रंप ने किर्क के लिए भावुक होते हुए कहा, “चार्ली किर्क मेरे लिए बेटे जैसा था। उसने कॉलेज के दिनों में यह आंदोलन शुरू किया था और आज यह एक बड़ा आंदोलन बन चुका है। मैंने कभी नहीं देखा कि युवा या कोई समूह इस तरह से किसी व्यक्ति के लिए इतना समर्पित हो।” ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने किर्क की पत्नी से फोन पर बात की, जो बेहद दुखी हैं, लेकिन फिर भी “टर्निंग पॉइंट यूएसए” संगठन को आगे चलाने का मन बना चुकी हैं। उन्होंने कहा, “कल मैंने उनकी पत्नी से बात की, वह बहुत दुखी हैं। लेकिन इस तबाही के बावजूद, वे इस संगठन को जारी रखना चाहते हैं। उन्हें लगता है कि वे ऐसा कर सकते हैं।”

किर्क की हत्या कैसे हुई?

चार्ली किर्क, जो अमेरिका में युवाओं के बीच एक प्रमुख कंजरवेटिव नेता थे, यूटा वैली यूनिवर्सिटी में एक बहस कार्यक्रम में बोल रहे थे, जब अचानक एक हमलावर ने छत से गोली चलाई। गोली किर्क की गर्दन में लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि यह एक “लक्षित हमला” (targeted killing) था।

किर्क का ट्रंप की वापसी में योगदान

2024 में ट्रंप की व्हाइट हाउस वापसी की कोशिशों में चार्ली किर्क और उनका संगठन टर्निंग पॉइंट यूएसए की बड़ी भूमिका रही थी। उन्होंने खासतौर पर एरिज़ोना जैसे अहम चुनावी राज्यों में ‘वोट-आउट’ अभियान में भारी निवेश किया था।

हमलावर की जानकारी

ट्रंप ने बताया कि जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, उसके पिता ने जांच में मदद की और अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि इस साक्षात्कार से पहले उन्हें सिर्फ एक संक्षिप्त ब्रीफिंग दी गई थी। उन्होंने कहा, “मुझे हमेशा सुधार की जरूरत होती है, लेकिन मैं आपको वही बता रहा हूं जो मुझे बताया गया है।”

Exit mobile version