Site icon Dainik Savera Times

20 दिन की बच्ची को उठा ले गया बंदर, भागते-भागते कुएं में गिरा दिया… फिर हुआ ये चमत्कार

Chhattisgarh 20-day-old girl was kidnapped by a monkey

Chhattisgarh 20-day-old girl was kidnapped by a monkey

अजब-गजब: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंदर ने मां की गोद से महज 20 दिन की नवजात बच्ची को छीन लिया और भागते हुए उसे पास के एक कुएं में गिरा दिया। गनीमत रही कि बच्ची ने डायपर पहन रखा था, जिसकी वजह से वह पानी में पूरी तरह नहीं डूबी और उसकी जान बच गई।

यह घटना नैला थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। गांव के रहने वाले अरविंद राठौर की पत्नी घर पर अपनी नवजात बेटी को गोद में लेकर खाना खिला रही थीं। तभी अचानक एक बंदर आया और बच्ची को झपटकर ले गया।

यह भी पढ़ें:  अब स्ट्रीट वेंडर्स के हाथ में भी क्रेडिट कार्ड: PM मोदी बोले- फाइनेंशियल इनक्लूजन से बदली तस्वीर

15 मिनट तक बंदर बच्ची को लेकर भागता रहा बंदर 

मां की चीख सुनते ही घरवाले और गांव के लोग बंदर के पीछे दौड़ पड़े। करीब 10 से 15 मिनट तक बंदर बच्ची को लेकर इधर-उधर भागता रहा। कुछ देर बाद बच्ची नजर से ओझल हो गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। बाद में खोजबीन के दौरान ग्रामीणों की नजर पास के एक कुएं पर पड़ी। वहां देखा गया कि बच्ची कुएं के पानी में ऊपर तैर रही थी। बताया गया कि बच्ची करीब 10 मिनट तक पानी में रही और उसने थोड़ा पानी भी पी लिया था, लेकिन डायपर की वजह से वह डूबी नहीं।

बाल्टी से निकाला, नर्स ने बचाई जान

ग्रामीणों ने तुरंत बाल्टी की मदद से बच्ची को कुएं से बाहर निकाला। उसी समय गांव में कथा सुनने आई नर्स राजेश्वरी राठौर भी मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने बिना देरी किए बच्ची को सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही देर में बच्ची की सांसें लौट आईं। इसके बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची की हालत अब स्थिर है और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

यह भी पढ़ें:  भोजशाला मामले पर बोलीं साध्वी प्रज्ञा सिंह, ‘हिंदू अपने धर्म में दखलअंदाजी स्वीकार नहीं करेगा’

परिजनों ने जताया आभार

बच्ची के पिता अरविंद राठौर ने बताया कि वे मड़वा पावर प्लांट में काम करते हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे। उन्होंने कहा कि गांव में बंदर अक्सर दिखाई देते हैं, लेकिन ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा, “अगर गांववालों और नर्स की समय पर मदद नहीं मिलती, तो कुछ भी हो सकता था। हम भगवान और सभी मददगार लोगों के आभारी हैं।” उन्होंने सभी से अपील की कि छोटे बच्चों को कभी भी अकेला या असुरक्षित न छोड़ें।

Exit mobile version