Dainik Savera Times

Uttarakashi cloud burst: उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से मची भारी तबाही, 4 लोगों की मौत; दर्जनों लापता

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने (Cloud Burst) की बड़ी घटना सामने आई है। इस प्राकृतिक हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। धराली गांव गंगोत्री धाम और मुखवा गांव के पास स्थित है, जहां नाले के ऊपर बादल फटने से पानी और मलबा तेज़ी से नीचे आया, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए।

नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया 

बादल फटने के बाद, नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज बहाव के साथ मिट्टी, पत्थर और मलबा बहकर नीचे बस्तियों में आ गया। कई लोग मलबे में दबे होने की आशंका है। अब भी इलाके में बारिश जारी है, जिससे फिर से बादल फटने का खतरा बना हुआ है।

 

अमित शाह ने सीएम धामी से की बात 

SDRF, NDRF, स्थानीय पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। आईटीबीपी (ITBP) की टीम को भी रेस्क्यू में लगाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से बात कर केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

 

क्या-क्या नुकसान हुआ है?

गंगोत्री धाम का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। धराली के बाजार और घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। खीर गाड़ नाले का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, संपत्ति को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।

प्रशासन की अपील

लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने को कहा गया है। सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। इलाके में अलर्ट जारी किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय इलाकों में इन दिनों भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इस मानसून में कई जानें जा चुकी हैं और घरों, सड़कों और पुलों को भारी नुकसान हुआ है।

Exit mobile version