CNG price hike: मुंबई और आसपास के महानगर क्षेत्र (MMR) में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने रविवार से कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई में सीएनजी का खुदरा मूल्य 91.50 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। नई दरें शनिवार आधी रात से लागू कर दी गई हैं।
MGL की ओर से इस साल सीएनजी की कीमतों में की गई यह आठवीं बढ़ोतरी है। कंपनी ने इससे पहले 1 नवंबर को भी सीएनजी के दाम में एक रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया था। इस तरह पिछले 15 दिनों में ही गैस की कीमतों में 2.50 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, पिछले 75 दिनों के दौरान सीएनजी कुल 5.50 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2026 से लेकर अब तक मुंबई में सीएनजी की कीमतों में कुल 11 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हो चुकी है। इस अवधि में गैस के दाम करीब 14 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा के लिए बुरा सपना बना न्यूजीलैंड दौरा! खराब प्रदर्शन के बाद 2027 वर्ल्ड कप पर उठे सवाल
गैस की आपूर्ति हुई प्रभावित
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे पश्चिम एशिया में जारी संकट को भी एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है। इस संकट के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं, घरेलू स्तर पर प्राकृतिक गैस की कम उपलब्धता और आयातित गैस की ऊंची कीमतों के चलते कंपनियों की खरीद लागत में इजाफा हुआ है। इसी वजह से गैस की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
CNG वाहनों पर पड़ेगा असर
वहीं, सीएनजी के दाम बढ़ने का सबसे ज्यादा असर ऑटो रिक्शा, टैक्सी और अन्य सीएनजी से चलने वाले वाहनों के मालिकों पर पड़ने की आशंका है। ईंधन महंगा होने से उनके रोजाना के परिचालन खर्च में वृद्धि होगी।
साल भर में 8 बार बढ़े दाम
साल 2026 की शुरुआत में मुंबई में सीएनजी 80.50 रुपए प्रति किलो के भाव पर मिल रही थी। इसके बाद से अब तक कुल 8 बार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। सितंबर की शुरुआत से अब तक ही कीमतों में 5.50 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है।

