Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए देश के खिलाफ साजिश रच रही कांग्रेस’, संबित पात्रा का आरोप

November 27, 2025

‘विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए देश के खिलाफ साजिश रच रही कांग्रेस’, संबित पात्रा का आरोप

नेशनल डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को एक बार फिर विपक्ष को जमकर आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग विदेश में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए भारत के खिलाफ साजिशे रचने में लगे हुए हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने कहा कि 2014 से लगातार कांग्रेस पार्टी, विशेषकर राहुल गांधी और उनकी टीम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

विदेश जाकर देश के खिलाफ बोलते हैं राहुल गांधी
संबित पात्रा ने कहा, “राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ बोलते हैं। बांग्लादेश, पाकिस्तान, दक्षिण पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया, यूरोप और अमेरिका में बैठे उनके लोग, जिनका भारत से कोई लेना-देना नहीं है, वो भारत में नैरेटिव सेट करते हैं।” उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स में कुछ दिन पहले एक नया फीचर आया है।

इसके माध्यम से आप जान सकते हैं कि जो अकाउंटधारी है, वो किस देश का है, अर्थात उसका स्थान क्या है। उदाहरण के लिए, ऑफिशियल भाजपा अकाउंट अपना स्थान भारत में ही दिखाता है। भाजपा के नेशनल इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड अमित मालवीय का सोशल मीडिया अकाउंट भी भारत में ही दिखाया गया है और मेरा अपना अकाउंट भी भारत दिखाता है।

पवन खेड़ा का अकाउंट यूनाइटेड स्टेट्स दिखा रहा
विपक्ष पर निशाना साधते हुए संबित पात्रा ने कहा, “दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा का अकाउंट यूनाइटेड स्टेट्स दिखा रहा है। आईएनसी महाराष्ट्र अकाउंट पहले आयरलैंड दिखाता था, लेकिन फीचर रोलआउट के बाद इसे भारत में बदल दिया गया है। आईएनसी हिमाचल अकाउंट भारत दिखाता है, लेकिन थाईलैंड बेस्ड एंड्रॉइड ऐप से जुड़ा लगता है।”

भारत को बदनाम करने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे 
उन्होंने कहा कि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि कैसे कई सालों से, खासकर 2014 से लगातार कांग्रेस पार्टी, विशेषकर राहुल गांधी और उनकी टीम, सोशल मीडिया टीम, एडवाइजरी कमेटी की टीम और लेफ्ट के जाने-माने चेहरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतवर्ष को अपमानित करने के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं, भले ही इसके लिए विदेशी ताकतों की मदद लेनी पड़े, भले ही विदेश में जाकर भारत के विरोध में कहना पड़े और भले ही विदेश से अपने अकाउंट्स का संचालन करके भारत में नैरेटिव गढ़ने की कोशिश की जाए।

कांग्रेस पार्टी विदेश से नकली बातें दोहरा रही
संबित पात्रा ने कहा कि अर्पित शर्मा नाम के एक क्रिएटर ने हाल ही में तथाकथित वोट चोरी पर एक वीडियो बनाया, लेकिन उनका अकाउंट भारत में नहीं है। यह यूरोप से चल रहा है। अपने वीडियो में उन्होंने कई ऐसे दावे किए जिनसे भारत को कमजोर करने की कोशिश की गई। एक और उदाहरण डॉ. कालिका का है, जिनके सिंगापुर वाले अकाउंट ने भारतीय चुनाव कमिश्नर के गिरफ्तार होने का दावा करते हुए मनगढ़ंत तस्वीरें शेयर कीं। ये घटनाएं एक परेशान करने वाले पैटर्न की ओर इशारा करती हैं जिसमें राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी विदेश से नकली बातें दोहरा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें