Site icon Dainik Savera Times

‘असली कंट्रोल अमित शाह के पास रहेगा’, BJP में नए कार्यकारी अध्यक्ष पर कांग्रेस का हमला

Congress attacks BJP new working president

Congress attacks BJP new working president

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार के पांच बार के विधायक नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। इस फैसले को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं और BJP की अंदरूनी कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि नितिन नबीन को भले ही कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया हो, लेकिन पार्टी का असली नियंत्रण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में ही रहेगा।

रिमोट कंट्रोल अमित शाह के हाथ में रहेगा

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP में “कार्यकारी अध्यक्ष” एक तरह का कोडवर्ड है, जिसका मतलब होता है कि अध्यक्ष नाम का होता है, जबकि फैसले कोई और लेता है। पवन खेड़ा ने कहा, “BJP अध्यक्ष को बिना चुनाव के नियुक्त किया गया है और उन्हें ‘कार्यकारी अध्यक्ष’ बनाया गया है। इसका मतलब साफ है कि पार्टी का रिमोट कंट्रोल अमित शाह के हाथ में रहेगा। पहले भी यही हुआ था। जेपी नड्डा अध्यक्ष थे, लेकिन बड़े फैसले अमित शाह लेते थे और अब भी वही होगा।”

नितिन नबीन ने संभाली नई जिम्मेदारी

नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को BJP मुख्यालय में अपनी जिम्मेदारी संभालने के लिए दिल्ली रवाना हुए। यह उनके राजनीतिक करियर का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। दिल्ली जाने से पहले उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र और बिहार के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि “मेरे क्षेत्र के लोगों के आशीर्वाद से ही मैं यहां तक पहुंचा हूं।”

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और BJP के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगे। नबीन ने कहा, “मुझे प्रधानमंत्री का आशीर्वाद मिला है। उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व को आगे बढ़ाने का मैं प्रयास करूंगा।”

मंदिर दर्शन और पिता को श्रद्धांजलि

दिल्ली रवाना होने से पहले नितिन नबीन ने पटना के महावीर मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने अपने पिता और BJP के वरिष्ठ नेता रहे दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरे पिता के आशीर्वाद से ही मैं पिछले 20 सालों में यहां तक पहुंच पाया हूं। अब उसी आशीर्वाद के साथ आगे की यात्रा शुरू कर रहा हूं।”

आगे की भूमिका

45 वर्षीय नितिन नबीन अब दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में अपनी नई भूमिका निभाएंगे। पार्टी को उनसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की उम्मीद है।

Exit mobile version