Site icon Dainik Savera Times

‘कांग्रेस की हार का अश्वमेध घोड़ा जहां गया, हार तय’, सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज

Congress party sacrificial horse defeat went defeat inevitable

Congress party sacrificial horse defeat went defeat inevitable

नई दिल्ली: राज्यसभा में गुरुवार को चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर जमकर हमला किया। सुधांशु त्रिवेदी ने राज्यसभा में बोलते हुए कहा कि पहले के जमाने में एक अश्वमेध यज्ञ होता था। अश्वमेध का घोड़ा जहां जाता था वहां विजय हासिल होती थी। मैं किसी के अपमान के लिए नहीं कह रहा हूं, इनके पास ऐसा घोड़ा है, जो जहां जाता है, वहां पराजय का मार्ग प्रशस्त कर देता है।

उन्होंने कहा कि केरल में तो हमेशा से यह रहा है कि एक बार यूडीएफ की सरकार आती थी और एक बार लेफ्ट फ्रंट की सरकार आती थी, लेकिन इस बार यह घोड़ा वहां गया और वहां दोबारा लेफ्ट की ही सरकार आ गई। उन्होंने प्रश्न करते हुए कहा कि अब बताइए कि केरल में किसने वोट चोरी की है क्योंकि वहां तो लेफ्ट की सरकार आई है।

जो हाइड्रोजन बम फोड़ा, वह तो छटांक भर का भी नहीं

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे हाइड्रोजन बम लाएंगे। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पाकिस्तान के एक मंत्री ने कहा था कि उनके पास पाव-पाव भर के एटम बम हैं, लेकिन कांग्रेस ने जो हाइड्रोजन बम फोड़ा, वह तो छटांक भर का भी नहीं था।

वोट चोरी को लेकर उन्होंने कहा कि हाल ही में बिहार का विधानसभा चुनाव हुआ है। बीते कई वर्षों से यहां कांग्रेस की हालत बुरी है। कांग्रेस अधिकांश सीटों पर अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई और ये हाल लगातार पिछले कई चुनावों से होता रहा है। बावजूद इसके कांग्रेस वोट चोरी का आरोप लगाती है। बिहार जैसे कई राज्यों में कांग्रेस का अस्तित्व तक नहीं है। वहां बीते कई दशकों में उसे बेहद कम वोट मिले और अधिकतर सीटों पर बीते कई दशकों के दौरान कांग्रेस की जमानत जब्त होती रही। बावजूद इसके कांग्रेस अब वोट चोरी का आरोप लगा रही है।

जबसे वोटर कार्ड आया, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई

सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जबसे वोटर कार्ड आया, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई। जब से सीसीटीवी कैमरा आया, तब से कांग्रेस की सरकारों का आना बंद हो गया। उन्होंने कहा कि जब से साक्षरता दर 50 प्रतिशत हो गई है, तब से कांग्रेसी सरकार आनी बंद हो गई है। जब से स्वतंत्र न्यायपालिका हो गई है, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई है। जब से स्वतंत्र मीडिया हो गई है, तब से कांग्रेस की सरकार आनी बंद हो गई है।

जब मतपेटियां लूटती थी तब कांग्रेस का बहुमत मिलता था

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को बहुमत तब मिलता था, जिस जमाने में मतपेटियां लूटी जाती थीं। चुनाव के दौरान हिंसा होती थी, गोलियां चलती थीं और कई लोग मारे जाते थे। बिहार के चुनाव में कई लोग मारे जाते थे। अब कांग्रेस की सरकार नहीं आती और अब बीता जमाना लौटकर भी नहीं आने वाला।

Exit mobile version