Site icon Dainik Savera Times

भारत में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले… 24 घंटे में 5 लोगों की हुई मौत, एक्टिव केस 4 हजार के पार

Increase in active cases of corona: देश में कोविड-19 संक्रमण के मामलों में एक बार फिर हल्का इजाफा देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोविड से 5 मरीजों की मौत हुई है, जबकि एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 4,026 हो गई है। मृतकों में केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के मरीज शामिल हैं, जो पहले से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे।

केरल में सबसे अधिक सक्रिय मामले

वर्तमान में केरल कोविड मामलों में सबसे आगे है। राज्यों में एक्टिव केस इस प्रकार हैं:

केरल: 1416
महाराष्ट्र: 494
दिल्ली: 393
गुजरात: 397
कर्नाटक: 311
तमिलनाडु: 215
पश्चिम बंगाल: 372
उत्तर प्रदेश: 138

महाराष्ट्र में मामले बढ़े, मुंबई में 20 नए केस

महाराष्ट्र में सोमवार को 59 नए कोविड मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 20 अकेले मुंबई से हैं। मुंबई में फिलहाल 483 सक्रिय मरीज हैं। पूरे राज्य में कुल 873 संक्रमित, जिनमें से 369 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इस वर्ष राज्य में कुल 10 मौतें कोविड से हो चुकी हैं।

ये वेरिएंट बना चिंता का कारण

ICMR (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) की रिपोर्ट के अनुसार, मामलों में वृद्धि का कारण ओमिक्रॉन का नया सब-वेरिएंट NB.1.8.1 है। यह वेरिएंट तेजी से फैलने वाला और ज्यादा परिवर्तनशील है, लेकिन इसके लक्षण अब तक हल्के ही पाए गए हैं।

लक्षणों में शामिल हैं:

– बुखार
– खांसी
– गले में खराश
– थकान
– सिरदर्द
– बदन दर्द
– नाक बहना
– भूख में कमी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह वेरिएंट मौसमी फ्लू जैसा है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह

स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ से बचें, हाथों की सफाई और मास्क पहनने जैसी बुनियादी सावधानियों का पालन करें। साथ ही, टीकाकरण की बूस्टर डोज लेने की भी सिफारिश की गई है।

Exit mobile version