Delhi Assembly Election ; नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अब बेहद ही कम समय शेष रह गया है। बीजेपी, आप और कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टियों के होने की वजह से यह चुनाव त्रिकोणीय होने वाला है। बता दें कि भाजपा ने चुनाव प्रचार में कोई भी कसर नहीं छोड़ी है। वहीं आप दिल्ली की सत्ता में बरकरार रहना चाहती है। वहीं कांग्रेस इस चुनाव के जरिए फिर से दिल्ली में फतह हासिल करना चाहती है। बता दें कि कल यानी, 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू होगी। वहीं 8 फरवरी को इस चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। यह केवल परिणाम ही नहीं होगा बल्कि यह बताएगा कि दिल्ली की जनता ने किस पार्टी को अपना समर्थन दिया। आइए जानते है इस चुनाव को लेकर दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने किस तरह की तैयारियां कर रखी है।

दिल्ली में चुनावी सुरक्षा इंतजाम
आपको बता दें कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए कल, यानी 5 फरवरी 2025, सुबह 7 बजे से दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू होगी। दिल्ली के 1 करोड़ 55 लाख वोटर्स इस चुनाव में अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि दिल्ली पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती पूरी हो चुकी है। दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। पुलिस ने कल रात संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया और आज भी सुरक्षा के इंतजाम सख्त किए गए हैं। कुल 35 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी मतदान के दौरान ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा, 220 कंपनियों की केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा में तैनात रहेगी।
होमगार्ड के जवान भी चुनाव में लगाए गए
चुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए 19 हजार होमगार्ड के जवानों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके अलावा, चुनाव प्रचार के बाद बाहरी लोगों को दिल्ली छोड़ने के आदेश दिए गए हैं और कई जगहों पर अवैध गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
मतदान केंद्रों की संख्या और खास इंतजाम
इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। दिल्ली में 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए 733 खास मतदान केंद्र बनाए गए हैं ताकि उन्हें मतदान में कोई दिक्कत न हो।
क्यू मैनेजमेंट सिस्टम ऐप
इस बार दिल्ली चुनाव आयोग ने क्यू मैनेजमेंट सिस्टम ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए मतदाता यह जान सकते हैं कि उनके मतदान केंद्र पर कितनी भीड़ है। इससे उन्हें अपनी वोटिंग में सुविधा होगी और लंबी कतारों से बचा जा सकेगा।
त्रिकोणीय मुकाबला
दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि कांग्रेस भी अपनी मजबूत मौजूदगी बना रही है, जिससे चुनाव त्रिकोणीय बन गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तीनों पार्टियों ने जोरदार प्रचार किया। बीजेपी ने गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जे पी नड्डा, और अन्य मुख्यमंत्रियों को प्रचार में उतारा। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने सीएम आतिशी के चुनावी इलाके में तीन रैलियां कीं। कांग्रेस के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने कालकाजी और कस्तूरबा नगर में रोड शो किया।
केजरीवाल को हार का डर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चौथी बार जीतने का दावा कर रहे हैं, लेकिन वोटिंग से पहले उन्हें हार का डर भी सता रहा है। उनका आरोप है कि बीजेपी ईवीएम में गड़बड़ी करके 10% वोटों में हेरफेर करना चाहती है। केजरीवाल इस बारे में लगातार सवाल उठा रहे हैं और अपनी पार्टी के खिलाफ चुनावी साजिश का आरोप लगा रहे हैं। इस चुनाव में तीन प्रमुख पार्टियों के बीच कड़ा मुकाबला है। चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से तैयार है और दिल्लीवासियों का कहना है कि इस बार ज्यादा से ज्यादा वोटिंग होगी। अब देखना यह है कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा!