नई दिल्ली डेस्क : अगर आप दिल्ली मेट्रो में रोजाना सफर करते हैं तो यह आपके लिए काम की खबर है। दिल्ली मेट्रो ओएनडीसी नेटवर्क के जरिए अपने टिकटिंग सिस्टम को आसान बनाने के लिए काम कर रही है। अब यात्रियों को कनेक्टिविटी की सुविधा आसानी से उपलब्ध करवाने के लिए डीएमआरसी और रैपिडो ने नई साझेदारी शुरू करने का ऐलान किया है। अब रैपिडो ऐप के जरिए भी दिल्ली मेट्रो के टिकट बुक किए जा सकेंगे।
इसके अलावा यात्री फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए बाइक राइड भी बुक करवा पाएंगे। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। वे इसके जरिए घर से मेट्रो स्टेशन और मेट्रो स्टेशन से आगे अपने गंतव्य तक आसानी से आवागमन कर सकेंगे। इसके अलावा यात्रियों को विशेष तरह की छूट भी प्रदान की जाएगी।
यात्रियों को मिलेंगी कई छूट
डीएमआरसी की ओर से बुधवार को नई सुविधा शुरू की गई है। एक कार्यक्रम के दौरान डीएमआरसी, रैपिडो और ओएनडीसी ने अपनी नई सुविधा को लॉन्च किया। इस मौके पर कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहे। मौके पर टिकट बुक करवाने वाले यात्रियों को कई प्रकार की छूट देने का ऐलान भी किया गया।
पहला टिकट फ्री मिलेगा
अगर कोई यात्री इस ऐप के जरिए अपना पहला मेट्रो टिकट बुक करवाएगा तो उसे किसी प्रकार का चार्ज नहीं देना होगा। वहीं, बाइक के जरिए मेट्रो स्टेशन तक की राइड भी मुफ्त मिलेगी। यही नहीं, रैपिडो ऐप के जरिए बाइक बुक करके मेट्रो स्टेशन आने वाले यात्रियों से सिर्फ 25 रुपये किराया ही लिया जाएगा।
महिलाओं के लिए वुमन राइडर
इसके अलावा डीएमआरसी ने मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पिकअप और ड्रॉप पॉइंट्स बनाने का ऐलान भी किया है। महिला यात्रियों के लिए विशेष तौर पर वुमन राइडर तैनात की जाएंगी। सुरक्षित पिकअप और ड्रॉप पॉइंट मुहैया करवाने के लिए यह कवायद शुरू की गई है। डीएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को आसान और सुरक्षित सफर मिले, इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

