लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के मुद्दे पर एक बार फिर केंद्र की बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने 2016 में लागू की गई नोटबंदी को देश का बड़ा भ्रष्टाचार घोटाला बताते हुए आरोप लगाया कि इस फैसले से छोटे कारोबारियों, व्यापारियों और एमएसएमई सेक्टर को भारी नुकसान हुआ। अखिलेश यादव ने नोटबंदी से जुड़े अपने चर्चित ‘खजांची’ का जिक्र करते हुए कहा कि आज खजांची 10 साल का हो गया है, लेकिन बीजेपी ने कभी उसका जन्मदिन नहीं मनाया।
बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से ही खजांची का जन्मदिन मनाती आ रही है। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को भी खजांची का जन्मदिन मनाना चाहिए, क्योंकि नोटबंदी के दौरान पैदा हुए इस बच्चे की कहानी नोटबंदी के असर से जुड़ी है।
नोटबंदी को बताया बैंकों के लिए श्राप
अखिलेश यादव ने नोटबंदी को बैंकों के लिए श्राप बताते हुए कहा कि इस फैसले ने देश की बैंकिंग व्यवस्था को कमजोर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी के बाद बाजार में नकदी का चलन कम होने के बजाय पहले की तुलना में करीब 70 प्रतिशत बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण छोटे उद्योगों और कारोबारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। कई छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। सपा प्रमुख ने बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज भी बैंक अलग-अलग तरह के चार्ज और पेनल्टी के नाम पर ग्राहकों के खाते से पैसे काट रहे हैं। उन्होंने बैंकों के निजीकरण और आपस में विलय को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
बीजेपी पर भ्रष्टाचार को लेकर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने नोटबंदी के नाम पर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी का फैसला काले धन और भ्रष्टाचार को खत्म करने के उद्देश्य से लिया गया था, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता और छोटे कारोबारियों को भुगतना पड़ा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की बात करती है, लेकिन नोटबंदी जैसे फैसलों ने अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया। अखिलेश ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर बीजेपी को उनके आरोप गलत लगते हैं, तो सरकार को इस मुद्दे पर खुली बहस करनी चाहिए।
1947 और 2047 की आर्थिक स्थिति पर बहस की चुनौती
अखिलेश यादव ने बीजेपी को 1947 और 2047 की आर्थिक स्थिति पर बहस करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के समय अर्थव्यवस्था की स्थिति क्या थी और 2047 तक भारत कहां पहुंचेगा, इस पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि नोटबंदी जैसे फैसले से देश की अर्थव्यवस्था को कितना नुकसान हुआ और भारत विकास के रास्ते पर कितना पीछे चला गया। उनका कहना था कि सरकार को अपने आर्थिक फैसलों के परिणामों पर जवाब देना चाहिए।
8 नवंबर 2016 को लागू हुई थी नोटबंदी
बता दें कि केंद्र सरकार ने 8 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट बंद करने का ऐलान किया था। सरकार ने इस फैसले का उद्देश्य काले धन, नकली नोटों और टैक्स चोरी पर रोक लगाना बताया था। वहीं, सरकार का दावा रहा है कि नोटबंदी के बाद टैक्स रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर 2016 से मार्च 2017 के बीच आयकर विभाग ने करीब 900 समूहों के खिलाफ तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की थी। इस दौरान लगभग 900 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, जिसमें 636 करोड़ रुपये नकद और करीब 7,961 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला था।
हालांकि, नोटबंदी के फैसले को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है। विपक्ष का कहना है कि इस फैसले से आम लोगों, छोटे कारोबारियों और उद्योगों को नुकसान हुआ, जबकि सरकार इसके जरिए टैक्स व्यवस्था में सुधार और आर्थिक पारदर्शिता बढ़ने का दावा करती रही है।

