नेशनल डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और ‘ही-मैन’ के नाम से जाने जाने वाले धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से सांस लेने की समस्या से जूझ रहे थे। हाल ही में ब्रीच कैंडी अस्पताल से इलाज कराकर घर लौटे थे, जहां उनका उपचार चल रहा था। धर्मेंद्र ने करीब छह दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और अपने करियर में अच्छी-खासी संपत्ति बनाई। वह हिंदी सिनेमा के सबसे अमीर एक्टर्स में गिने जाते थे।
कितनी है धर्मेंद्र की कुल संपत्ति?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र की कुल संपत्ति लगभग 450 करोड़ रुपये है। उनके करियर की शुरुआत 1960 में हुई थी, और अपनी पहली फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ के लिए उन्हें सिर्फ 51 रुपये मिले थे। लेकिन 70 और 80 के दशक में वह बड़े सुपरस्टार बन गए और खूब कमाई की।

रियल एस्टेट में बड़ी कमाई
धर्मेंद्र की कमाई का बड़ा हिस्सा उनकी प्रॉपर्टी से आता है। लोनावाला के खंडाला में उनका शानदार 100 एकड़ का फार्महाउस है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फार्महाउस की कीमत करीब 120 करोड़ रुपये है। यहां वह खेती-बाड़ी भी करते थे और फैन्स को उसकी झलक सोशल मीडिया पर दिखाते रहते थे। बॉबी देओल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि धर्मेंद्र इस फार्महाउस में अपनी पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ रहते थे।
लग्जरी कारों का बड़ा कलेक्शन
धर्मेंद्र को कारों का बहुत शौक था। उनकी कारों की लिस्ट में 1960 में खरीदी गई उनकी पहली फिएट कार, विंटेज फिएट मॉडल, और मर्सिडीज-बेंज जैसी लग्जरी कारें शामिल थीं। इनमें से कई गाड़ियाँ लाखों से लेकर करोड़ों की कीमत वाली हैं।
फिल्म प्रोडक्शन और होटल बिज़नेस
धर्मेंद्र ने अभिनय के साथ-साथ फिल्म प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने ‘यमला पगला दीवाना’ जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया। साल 2022 में उन्होंने ‘गरम धरम ढाबा’ नाम से होटल बिज़नेस शुरू किया। इसके बाद करनाल हाईवे पर ‘ही-मैन’ नाम से एक और रेस्टोरेंट खोला।
आखिरी फिल्म से भी मिली बड़ी रकम
हाल ही में वह करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। इस फिल्म के लिए उन्हें करीब 5 करोड़ रुपये मिले थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया।