Site icon Dainik Savera Times

इस दिग्गज खिलाड़ी की सड़क हादसे में हुई मौत, हाल ही में हुई थी शादी

Diogo Jota Died: फुटबॉल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इंग्लिश क्लब लिवरपूल और पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने वाले स्टार फॉरवर्ड डिएगो जोटा का तीन जुलाई को एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में उनके छोटे भाई आंद्रे जोटा की भी मौत हो गई। खास बात यह है कि डिएगो जोटा की शादी को अभी सिर्फ 10 दिन ही हुए थे। उन्होंने 22 जून को अपनी मंगेतर रूथ कार्डोसो से विवाह किया था।

स्पेन में हुआ भीषण हादसा, कार में लगी आग

यह दर्दनाक हादसा स्पेन के ज़मोरा शहर में हुआ, जहां डिएगो और उनके भाई आंद्रे एक लेम्बोर्गिनी कार में यात्रा कर रहे थे। स्थानीय समयानुसार रात 12:40 बजे, कार का संतुलन बिगड़ गया और ओवरटेक के दौरान एक टायर फटने से कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि दोनों भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई।

डिएगो जोटा के भाई आंद्रे भी एक प्रोफेशनल फुटबॉलर थे और पुर्तगाल की सेकेंड लीग टीम पेनाफेल का प्रतिनिधित्व करते थे। हादसे के वक्त दोनों भाई एक साथ यात्रा कर रहे थे।

पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन ने की पुष्टि

पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने इस दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। फेडरेशन के अध्यक्ष पेड्रो प्रोएन्का ने एक भावुक बयान में कहा, “पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ और पूरे देश के फुटबॉल प्रेमी आज इस खबर से स्तब्ध हैं। डिएगो जोटा केवल एक शानदार खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी थे। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए लगभग 50 मैच खेले और हमेशा मैदान पर सकारात्मक ऊर्जा के साथ नजर आए।”

फुटबॉल जगत में शोक की लहर

डिएगो जोटा की मौत से लिवरपूल एफसी, उनके प्रशंसकों, साथी खिलाड़ियों और पूरे फुटबॉल जगत में गहरा शोक छा गया है। सोशल मीडिया पर फुटबॉल खिलाड़ियों, क्लबों और प्रशंसकों ने इस क्षति पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

Exit mobile version