पंजाब डेस्क: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल की पत्नी दिव्यता शेरगिल को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें Para Olympics न्यूज लेटर की चीफ एडिटर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें महिला विकास सलाहकार समिति की सदस्य भी बनाया गया है। ये दोनों पद उन्हें पैरा-स्पोर्ट्स में योगदान देने के लिए चुने गए हैं।

दिव्यता शेरगिल को भारतीय पैरालंपिक समिति द्वारा दो अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें सर्वसम्मति से पैरालंपिक समिति के त्रैमासिक न्यूजलेटर का मुख्य संपादक नियुक्त किया गया है। यह न्यूजलेटर पैरा-स्पोर्ट्स में एथलीटों की उपलब्धियों, आगामी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करने के लिए एक प्रमुख मंच बनेगा। दिव्यता शेरगिल का पैरा-स्पोर्ट्स का व्यापक ज्ञान और शानदार संचार कौशल उन्हें इस महत्वपूर्ण भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है। समिति को उम्मीद है कि उनकी दूरदर्शिता इस न्यूजलेटर को एक महत्वपूर्ण संसाधन बनाएगी।
इसके साथ ही, दिव्यता को महिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में भी नियुक्त किया गया है। इस समिति का उद्देश्य पैरा-स्पोर्ट्स में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना, समानता और अवसरों की दिशा में नीतियों का निर्माण करना है। दिव्यता के पास महिला एथलीटों के लिए अनूठी चुनौतियां और अवसरों की गहरी समझ है, और समिति को उनसे इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
समिति का मानना है कि दिव्यता का नेतृत्व, विशेषज्ञता और समर्पण दोनों ही भूमिकाओं में अमूल्य योगदान करेगा, विशेष रूप से महिला एथलीटों के लिए नई राहें खोलने में। इस अवसर पर दिव्यता से स्वीकृति मिलने के बाद एक बैठक का आयोजन किया जाएगा, ताकि इन जिम्मेदारियों को सही ढंग से निभाया जा सके और नई पहलों पर चर्चा की जा सके।