
Sairaj Bahutule : राजस्थान रॉयल्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने स्वीकार किया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार दो करीबी मैच हारना टीम के लिए कठिन रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि टीम में घबराहट की कोई भावना नहीं है।
रॉयल्स को शनिवार रात लखनऊ सुपर जायंट्स से दो रन से हार का सामना करना पड़ा, जो अपना पिछला मैच दिल्ली कैपिटल्स से सुपर ओवर में हार गई थी। आठ मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ राजस्थान अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
मैच के बाद बहुतुले ने कहा, “हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। बस नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा। राहुल (द्रविड़) के डगआउट में होने से काफी शांति है। हमारी टीम में सभी ने पर्याप्त क्रिकेट खेला है और इसलिए किसी को भी किसी तरह से घबराने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा, “लेकिन दुर्भाग्य से हम यह मैच दो रन से हार गए और पिछला मैच सुपर ओवर में हार गए। इतनी करीबी हार को पचा पाना मुश्किल है, लेकिन खेल ऐसे ही चलता है।” “टी-20 एक ऐसा प्रारूप है जिसमें बहुत जोखिम है।” बहुतुले ने कहा कि वह मैदान पर गलतियों को कम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हमारी कोशिश गलतियों को कम करने की है। जब हमारी साझेदारी चल रही थी, तो हम इसे कुछ ओवर पहले ही खत्म कर सकते थे। लेकिन आवेश ने 18वें और 20वें ओवर में अच्छी गेंदबाजी की। हमें कप्तान संजू सैमसन की भी कमी खली, जो चोट के कारण बाहर थे।”