
Earthquake Philippines : फिलीपींस में मंगलवार सुबह एक बार फिर धरती हिल गई। उत्तरी फिलीपींस के इलोकोस नॉर्ट प्रांत में रिक्टर स्केल पर 5.8 तीव्रता वाला भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि, अब तक किसी प्रकार की जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी (PHIVOLCS) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10:38 बजे महसूस किया गया।
भूकंप का केंद्र और प्रकृति
भूकंप का एपिसेंटर पासुक्विन शहर से लगभग 29 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था और यह 27 किलोमीटर की गहराई में आया। PHIVOLCS ने जानकारी दी कि यह टेक्टोनिक प्रकृति का भूकंप था, जिसका मतलब है कि यह पृथ्वी की प्लेटों की हलचल के कारण आया है। वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि भूकंप के बाद के झटके आ सकते हैं, लेकिन बड़े नुकसान की संभावना बेहद कम है।
अन्य क्षेत्रों में भी महसूस हुए झटके
इस भूकंप का असर कागायन, इलोकोस सुर, इसाबेला और अब्रा जैसे पड़ोसी प्रांतों में भी महसूस किया गया। लोगों को कुछ क्षणों के लिए हल्के झटकों का अनुभव हुआ, लेकिन घबराहट के अलावा कोई विशेष क्षति की सूचना नहीं है।
फिलीपींस प्रशांत महासागर के “रिंग ऑफ फायर” पर स्थित है, जो दुनियाभर में भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोटों के लिए जाना जाता है। यही कारण है कि देश में भूकंप अक्सर आते रहते हैं, जिनमें से अधिकतर की तीव्रता कम होती है।
पिछले महीने 24 जून 2025 को दक्षिणी फिलीपींस में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जो दावाओ द्वीप से 374 किमी पूर्व में था। उस भूकंप से भी किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई थी। हालांकि, 2022 में आए 7.0 तीव्रता के भूकंप ने फिलीपींस को भारी नुकसान पहुंचाया था। कई इमारतें ढह गई थीं और 600 से अधिक लोग घायल हुए थे।
भूकंप कैसे आता है?
भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी की सतह सात बड़ी और कई छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से बनी होती है, जो लगातार हिलती-डुलती रहती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं, तो इनके किनारों पर भारी दबाव बनता है। यह दबाव जब एक सीमा तक पहुंचता है, तो प्लेट्स फट जाती हैं और अंदर की ऊर्जा बाहर निकलती है यही कंपन जब धरती की सतह तक आता है, तो भूकंप के रूप में महसूस होता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...