नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में गुरुवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई। यह घटना उस समय हुई, जब शिंदे पंढरपुर से मुंबई के लिए रवाना होने वाले थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की बैटरी में खराबी आने के कारण वह उड़ान नहीं भर सका। हालांकि, राहत की बात यह है कि एकनाथ शिंदे और उनके साथ मौजूद सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। हेलीकॉप्टर में आई खराबी के बाद शिंदे अब पुणे के रास्ते सड़क मार्ग से मुंबई लौट रहे हैं।
दरअसल, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार को कार्तिकी एकादशी की तैयारियों का जायजा लेने पंढरपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विठ्ठल-रुक्मिणी मंदिर और चंद्रभागा नदी के आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। दौरा पूरा करने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से मुंबई लौटना था, लेकिन उड़ान से ठीक पहले हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या आ गई।
पहले भी शिंदे के हेलीकॉप्टर में आ चुकी है खराबी
यह पहली बार नहीं है, जब एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में इस तरह की परेशानी सामने आई है। इससे पहले मई 2026 में भी उनके हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के कारण बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था। उस समय शिंदे मुंबई से मुरबाड जा रहे थे। उन्हें अपनी पार्टी के एक पदाधिकारी के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होना था। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 3:30 बजे महालक्ष्मी रेसकोर्स के हेलीपैड से रवाना हुआ था।
खराब मौसम के कारण बीच रास्ते से लौटना पड़ा था
हेलीकॉप्टर जब ऐरोली के पास पहुंचा, तभी मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं और कम विजिबिलिटी के कारण उड़ान भरना मुश्किल हो गया था। मौसम और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पायलट ने तुरंत फैसला लिया और हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ दिया।पायलट की सूझबूझ से हेलीकॉप्टर की मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई थी और सभी लोग सुरक्षित थे।
हेलीकॉप्टर में कई अधिकारी और सुरक्षाकर्मी थे मौजूद
मई में हुई इस घटना के समय हेलीकॉप्टर में एकनाथ शिंदे के अलावा उनके निजी सहायक प्रभाकर काले, विशेष कार्य अधिकारी बाल सिंह राजपूत, जनसंपर्क विभाग के विशेष कार्य अधिकारी विनायक पात्रुडकर, सुरक्षाकर्मी और विमान कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी लोग शिंदे के साथ उनके निवास स्थान के लिए रवाना हो गए थे। फिलहाल पंढरपुर से मुंबई लौटते समय हेलीकॉप्टर में आई ताजा तकनीकी खराबी के बाद सभी की सुरक्षा की पुष्टि हुई है। शुरुआती जानकारी में बैटरी की समस्या को इसकी वजह बताया जा रहा है।

